बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. China President in India
Written By
Last Modified: गुरुवार, 18 सितम्बर 2014 (11:44 IST)

भारत-चीन खोलेंगे विश्व तरक्की की राह : जिनपिंग

भारत-चीन खोलेंगे विश्व तरक्की की राह : जिनपिंग - China President in India
नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत और चीन के सदियों पुराने रिश्तों को विकास की रणनीतिक साझेदारी के रूप में मजबूत करने पर बल देते हुए गुरुवार को कहा कि दोनों देशों का यह रिश्ता समूचे विश्व के लिए तरक्की के अवसरों का मार्ग खोलेगा।
शी ने यहां राष्ट्रपति भवन परिसर में औपचारिक स्वागत के बाद कहा कि उनकी यात्रा का पहला लक्ष्य दोनों देशों की मित्रता को आगे ले जाना है। हम दोनों देशों के संबंध पुरातन सभ्यताओं के संबंध हैं, जो हजारों वर्षों से चले आ रहे हैं। हम एक-दूसरे की सभ्यता का आदर और सराहना करते हैं। हम चाहते हैं कि हमारी जनता के बीच संपर्क बढ़े। वे हमेशा से इस मित्रता को मजबूत करने के पक्ष में हैं।
 
उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का दूसरा लक्ष्य भारत और चीन के बीच विकास के लिए सहयोग को बढ़ाना है। इस क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाओं का दोहन करना है। भारत और चीन दोनों के विकास लक्ष्य समान हैं और दोनों देशों की प्राथमिकताएं भी समान हैं।
 
शी ने कहा कि भारत और चीन विश्व के सबसे बड़े मुल्कों में से हैं और हमारी विकास की साझेदारी के मजबूत होने से दोनों देशों के ढाई अरब लोगों को फायदा होगा। उन्हें शांति एवं तरक्की के अवसर मिलेंगे। (वार्ता)