शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Cartoonist Sudhir Tailang
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 7 फ़रवरी 2016 (22:03 IST)

कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग पंचतत्व में विलीन

कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग पंचतत्व में विलीन - Cartoonist Sudhir Tailang
नई दिल्ली। मशहूर कार्टूनिस्ट सुधीर तैलंग का लोधी रोड स्थित श्मशान गृह में रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी पुत्री अदिति और भाई राजेश तैलंग ने उन्हें मुखाग्नि दी। तैलंग का लम्बी बीमारी के बाद शनिवार को यहां निधन हो गया था।
कला, साहित्य, पत्रकारिता, राजनीति और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियां बड़ी संख्या में अंतिम संस्कार में शामिल हुईं, जिनमें पूर्व उप प्रधानमंत्री  लालकृष्ण आडवाणी, उनकी पुत्री प्रतिभा आडवाणी, पूर्व सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राजनयिक पवन वर्मा, टीवी कलाकार अनुप सोनी, पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी, सुप्रसिद्ध कवि अशोक चक्रधर, जानी-मानी कलाकार शेरेन लावेन, कथक नृत्यांगना प्रेरणा श्रीमाली, वृत्‍तचित्र निर्माता-निदेशक लेखक बृजेन्द्र रेही, प्रख्यात पत्रकार एचके दुआ, दिवांग, दीपक चौरसिया, राजेन्द्र उपाध्याय, अलका रघुवंशी, मनोज रघुवंशी, राजेन्द्र व्यास, एसपी गुप्ता तिजारावाला के साथ ही जावेद हबीब, नरेश कपूरिया, गोपी गजवानी, सिप्रा के अध्यक्ष गोपेन्द्र नाथ भट्ट, आदि प्रमुख थे। 
 
आडवाणी सहित सभी उपस्थित हस्तियों ने तैलंग के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की और तैलंग की पत्नी विभा तैलंग, पुत्री अदिति और उनके वयोवृद्ध पिता एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधवाया। सुप्रसिद्ध लेखक डॉ. धर्मेन्द्र भंडारी ने भी तैलंग के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। 
 
भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ओर से भी पुष्पांजलि अर्पित की गई। इससे पूर्व तैलंग की शवयात्रा उनके मयूर विहार फेज-2 स्थित निवास से रवाना होकर लोधी रोड स्थित श्मशान गृह पहुंची। (वार्ता)