शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Canada-based NRI threatens to kill Anna Hazare
Written By
Last Modified: बुधवार, 4 मार्च 2015 (19:40 IST)

अन्ना को मारकर मैं बनूंगा नाथूराम गोडसे..!

अन्ना को मारकर मैं बनूंगा नाथूराम गोडसे..! - Canada-based NRI threatens to kill Anna Hazare
ठाणे। जमीन अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ पदयात्रा करने जा रहे भ्रष्टाचार विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर जान से मार देने की धमकी मिली है।
 
एमएफसी थाने के इंसपेक्टर डी एम कटके ने बुधवार को बताया कि हजारे के आंदोलन से जुड़े कल्याण निवासी अशोक गौतम (57) को उनके एकाउंट पर पिछले तीन सप्ताह से हजारे को नुकसान पहुंचाने के संदेश मिल रहे हैं। उसके बाद गौतम ने मंगलवार रात शिकायत दर्ज कराई। 
 
कटके ने बताया कि कनाडा में रहने वाले दो व्यक्तियों- गगन विधु और उसके दोस्त नील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों ने भारत आकर हजारे को गोली मार देने की धमकी दी है। उसने अपनी पोस्ट में लिखा है- 'मैं अगला नाथूराम गोडसे बनूंगा'। 
 
गगन की फेसबुक प्रोफाइल में लिखा है कि वह एडमोंटन, अलबर्टा में रहता है और मूलत: पठानकोट का रहने वाला है। यह खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताता है। गगन ने यह पोस्ट 24 फरवरी को किया है, लेकिन फिलहाल इसे फेसबुक से हटा दिया गया है। 
 
पुलिस यहां पुलिस आयुक्त कार्यालय की साइबर शाखा की मदद से मामले की विस्तृत जांच करने के अलावा उस आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश में जुटी है, जहां से धमकी भरे संदेश भेजे गए।
 
इसी के साथ दोनों के विरुद्ध भादसं और आईटी कानून की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। किसान विरोधी विधेयक के खिलाफ हजारे की 1100 किलोमीटर की पदयात्रा तीन महीने में पूरी होगी।
 
उनकी पदयात्रा वर्धा के गांधी आश्रम से शुरू होगी और नई दिल्ली के रामलीला मैदान में समाप्त होगी। गौतम सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उन्होंने हजारे के कई आंदोलनों में हिस्सा लिया है।