गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. By election results for 4 Lok Sabha and 10 assembly seats
Written By
Last Updated : गुरुवार, 31 मई 2018 (20:12 IST)

उपचुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त, जानें कितने अंतर से हुई हार-जीत

उपचुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त, जानें कितने अंतर से हुई हार-जीत - By election results for 4 Lok Sabha and 10 assembly seats
नई दिल्ली। चार लोकसभा और 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को आ गए हैं। इन चुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त मिली है, वहीं विपक्ष के लिए भी यह सबक है कि एकजुट होकर ही भाजपा को हराया जा सकता है।

 
 
गोरखपुर और फूलपुर के बाद यूपी में कैराना लोकसभा सीट भी भाजपा हार गई, वहीं भंडारा-गोंदिया सीट भी उससे छिन गई। भाजपा महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट और उत्तराखंड की थराली विधानसभा सीट पर ही जीत हासिल कर पाई। आइए जानते हैं किस पार्टी के उम्मीदवार ने कितने अंतर से जीत हासिल की...
 
लोकसभा उपचुनाव : 
  • यूपी के कैराना में संयुक्त विपक्ष की प्रत्याशी और राष्ट्रीय लोकदल की तबस्सुम हसन ने भाजपा से यह लोकसभा सीट छीन ली है। रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को 44,618 मतों से हराया। रालोद प्रत्याशी को 4,81182, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 4,36564 वोट मिले हैं। कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के बाद खाली हुई थी।
  • महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजेन्द्र गावित ने पालघर लोकसभा सीट पर शिवसेना के उम्मीदवार श्रीनिवास चिंतामन वनगा को 29574 मतों से पराजित कर दिया। गावित को 272780 और शिवसेना के श्री निवास को 243206 मत मिले। भाजपा के पूर्व सांसद चिंतामन वनगा का 30 जनवरी को निधन हो गया था जिसके कारण इस सीट पर 28 मई को चुनाव कराया गया था।
  • महाराष्‍ट्र की भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के मधुकर कुकड़े ने भाजपा के हेमंत पटोले को 20,583 मतों से हराया। एनसीपी ने यह सीट भाजपा से छीनी है। 
  • नगालैंड लोकसभा सीट पर एनडीपीपी के उम्मीदवार तोखेओ ने एनपीए उम्मीदवार अपोक जमीर को पराजित किया। तोखेओ को 548749 वोट प्राप्त हुए, जबकि जमीर को 392827 वोट मिले। 
 
विधानसभा उपचुनाव : 
  • यूपी की नूरपुर विधानसभा सीट से सपा के नईम उल हसन ने भाजपा की अवनी सिंह को लगभग 6000 मतों से हराया। यह सीट सपा ने भाजपा से छीनी।
  • बिहार की जोकीहाट विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार शाहनवाज आलम ने जद (यू) के उम्मीदवार मुर्शीद आलम को 41 हजार 224 मतों से पराजित किया। राजद प्रत्याशी को 81 हजार 240 और जदयू प्रत्याशी को 40016 मत मिले हैं। राजद ने यह सीट जदयू से छीन ली है। 
  • कांग्रेस उम्मीदवार हरदेवसिंह लाडी शेरोवालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी शिरोमणि अकाली दल उम्मीदवार नायबसिंह कोहाड़ को 38802 मतों के अंतर से पराजित कर 2017 के चुनावों में हुई हार का बदला ले लिया। शेरोवालिया को कुल 82745 मत मिले। आम आदमी पार्टी उम्मीदवार रतनसिंह कक्कड़कलां को मात्र 1900 मत मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। 
  • झारखंड में बोकारो जिले की गोमिया विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी बबीता देवी ने ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) उम्मीदवार लंबोदर महतो को 1344 मतों के अंतर से पराजित किया। बबीता देवी ने 60551 मत मिले, आजसू प्रत्याशी को 59207 मत प्राप्त हुए। 
  • झारखंड के सिल्ली में झामुमो की उम्मीदवार सीमा महतो ने आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो को पराजित कर यह सीट झामुमो के पास बरकरार रखी।
  • उत्तराखंड की थराली विधानसभा सीट पर भाजपा की मुन्नी देवी शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जीतराम को 1981 मतों से पराजित कर दिया। मुन्नी देवी को 25737 मत मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जीत राम ने 23756 वोट हासिल किए। 
  • तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार दुलाल दास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी सुजीत घोष को हराया। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार को 1,04,818, भाजपा के सुजीत घोष को 42,053 और माकपा प्रत्याशी पर्वत चौधरी को को 30,384 वोट मिले।
  • मेघालय की अंपति सीट से कांग्रेस के मियानी डी शिरा ने एनपीपी के क्लेमेंट जी मोमिन को हराया। शिरा को 14259 वोट मिले, जबकि क्लेमेंट को 11068 वोट प्राप्त हुए। 
  • केरल में चेंगानूर विधानसभा सीट पर एलडीएफ उम्मीदवार साजी चेरियन ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) प्रत्याशी डी. विजयकुमार को 20,956 मतों से पराजित किया। राजग का उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा। चेरियन को कुल 67,303 मत मिले, जबकि यूडीएफ उम्मीदवार 6,347 वोट हासिल किए।
  • कर्नाटक में राजराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मुनिरत्ना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के थुलासी मुनिराजू गौडा को 25492 मतों से हरा दिया। मुनिरत्ना ने 108064 वोट हासिल किए जबकि गौडा को 82572 वोट प्राप्त हुए। गठबंधन सरकार में शामिल जनता दल (एस) के उम्मीदवार जीएच रामचंद्र को 60360 वोट मिले।