शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP-Shiv Sena
Written By
Last Updated : शनिवार, 18 अक्टूबर 2014 (13:06 IST)

शिवसेना के तेवर हुए नरम, कहा अब और कटुता नहीं

शिवसेना के तेवर हुए नरम, कहा अब और कटुता नहीं - BJP-Shiv Sena
मुंबई। महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में भाजपा के उभरने की संभावना ज्यादातर एग्जिट पोल में जताए जाने के बीच शिवसेना ने शुक्रवार को अपने पूर्व भगवा सहयोगी दल के साथ संभावित सुलह का संकेत देते हुए कहा कि अब और कटुता नहीं रहनी चाहिए।

शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा, ‘अब और बहस या कटुता की कोई जरूरत नहीं है। दिल टूट गए हैं। हालांकि टूटे हुए दिल को जोड़ना मुश्किल है पर महाराष्ट्र को स्थिरता और शांति की जरूरत है। यह बेहतर होगा कि मतगणना के दिन का इंतजार करें।’

गौरतलब है कि लगभग सभी एग्जिट पोल में यह अनुमान लगाया गया है कि 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी जिसके बाद शिवसेना का नंबर होगा जबकि एक सर्वे में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है।

चुनाव के ठीक पहले नाता टूटने के बाद भाजपा नेता मुख्य रूप से शिवसेना पर हमला करने से बचते रहे थे जबकि पार्टी (शिवसेना) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पूर्व सहयोगी दल को गठबंधन टूटने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। संपादकीय में एग्जिट पोल के नतीजों की भी आलोचना की गई है।

इसमें कहा गया है, ‘विचार जानने के लिए कुछ हजार लोगों से बात करना और एग्जिट पोल देना निर्वाचक मंडल के फैसले का अनादर है। लेकिन मीडिया अपनी आजीविका के लिए अपना काम कर रही है।’ संपादकीय में कहा गया है, ‘हमारा अपने लोगों में विश्वास है। भगवा झंडा का परचम 19 अक्तूबर को लहराएगा।’ (भाषा)