गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Bihar
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 31 जुलाई 2015 (14:12 IST)

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं : केंद्र

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं : केंद्र - Bihar
नई दिल्ली। कुछ राजनीतिक दलों और प्रदेश सरकार की लंबे समय से चली आ रही मांग को दरकिनार करते हुए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को संसद में कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया जाएगा।

योजना राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवाल के जवाब में बताया, 'फिलहाल किसी राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने का कोई प्रस्ताव नहीं है। विशेष सहायता पर विचार किया जा सकता है।'

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी लंबे समय से राज्य के लिए विशेष दर्जे की मांग कर रहे हैं। पूर्व में जनता दल यू, भाजपा की बिहार ईकाई और लोक जनशक्ति पार्टी भी इस मांग का समर्थन कर चुकी हैं।

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए सिंह ने कहा कि यदि राजस्थान सरकार विशेष पैकेज की मांग को लेकर कोई प्रस्ताव भेजती है तो सरकार उस पर विचार कर सकती है।

केवल विशेष श्रेणी वाले राज्यों को ही वर्ष 2014-15 तक परियोजनाओं विशेष योजना सहायता (90 फीसदी) और विशेष केंद्रीय सहायता अनुदान (सौ फीसदी) मुहैया कराया गया है। (भाषा)