बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Amit Shah
Written By
Last Updated :कोल्हापुर , गुरुवार, 18 सितम्बर 2014 (17:03 IST)

आत्मसम्मान की कीमत पर गठबंधन नहीं : अमित शाह

आत्मसम्मान की कीमत पर गठबंधन नहीं : अमित शाह - Amit Shah
कोल्हापुर। पुराने सहयोगी शिवसेना के साथ सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं  मिलने को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को अपने गठबंधन सहयोगी से कहा कि गतिरोध का त्वरित समाधान निकालें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मसम्मान की कीमत पर कोई समझौता नहीं होगा।
 
शाह ने कहा कि ‘महायुति’ को मजबूत और एकजुट करने की जरूरत है ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में महाराष्ट्र में 15 वर्ष पुराने कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को उखाड़ फेंका जा सके।
 
शाह ने यहां हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दोस्तों, इस  बार महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि विमान में गुरुवार को (मुंबई  से कोल्हापुर तक) मैं भाजपा के राज्य नेताओं देवेन्द्र फड़णवीस और विनोद तावड़े से कह रहा था कि गठबंधन के मुद्दे का तुरंत समाधान करें।
 
उन्होंने कहा कि वे हरसंभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन उन्हें (शिवसेना की तरफ से) जवाब नहीं मिल  रहा है। शाह ने कहा कि मैं दोनों पार्टियों से अपील करना चाहता हूं कि भाजपा ने दो कदम आगे बढ़ाए हैं  और दूसरे लोगों (शिवसेना) को भी दो कदम आगे बढ़ाने चाहिए और गठबंधन के मुद्दे का समाधान करना चाहिए और महाराष्ट्र में परिवर्तन का आंदोलन शुरू करना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि लेकिन भाजपा कार्यकर्ता आत्मसम्मान के साथ समाधान (गठबंधन में सीटों का बंटवारा) चाहते हैं। आत्मसम्मान की कीमत पर समाधान नहीं हो सकता।
 
भाजपा नेता ने कहा कि अगर गठबंधन बनाया जाना है तो मैं दोनों पक्षों से कहना चाहता हूं कि  मेरी पार्टी के नेता यहां बैठे हैं और शिवसेना के दोस्त भी कि त्वरित समाधान ढूंढें, सुनिश्चित करें कि दोनों (पक्षों) के आत्मसम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। परिवर्तन (महाराष्ट्र में) के लिए यह काफी  जरूरी है।
 
शाह ने लोगों से कहा कि महाराष्ट्र में घोटाले में डूबी कांग्रेस-राकांपा सरकार को उखाड़ फेंकें ताकि  राज्य के गौरव एवं प्रगति को लौटाया जा सके।
 
शाह ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा ने राज्य में 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान राज्य को बर्बाद  कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर ठीक से जांच की जाए तो राज्य सरकार के सभी नेता जेल में  होंगे। उन्होंने आरोप लगाए कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने राजनीति का जिस तरह से व्यवसायीकरण किया, वैसा देश के अन्य किसी नेता ने नहीं किया।
 
अजित पवार (उपमुख्यमंत्री) घोटालों में डूबे रहे। राज्य में घोटाला-दर-घोटाला चलता रहा। गुरुवार को सुबह यहां पहुंचे शाह का कोल्हापुर एवं सांगली जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने थोड़े समय तक कार्यकर्ताओं से बात की और फिर करवीर निवासिनी महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने चले गए।
 
भाजपा नेता पुणे में गुरुवार शाम राज्य चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और विधानसभा चुनावों में टिकट चाहने वाले मौजूद होंगे। यह कार्यक्रम पिछले महीने हरियाणा में शुरू की गई ‘विराट विजय संकल्प’ योजना की तर्ज पर होगा। (भाषा)