गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. African citizen beating delhi cab driver
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 30 मई 2016 (16:09 IST)

अफ्रीकी नागरिकों ने कैब चालक को पीटा

अफ्रीकी नागरिकों ने कैब चालक को पीटा - African citizen beating delhi cab driver
दक्षिणी दिल्ली के राजपुर खुर्द क्षेत्र में अफ्रीकी नागरिकों के एक समूह ने सोमवार तड़के कथित तौर पर एक कैब चालक की पिटाई कर दी। इसी इलाके में पिछले सप्ताह चार अलग-अलग घटनाओं में स्थानीय नागरिकों के समूहों ने अफ्रीकी नागरिकों पर हमले किए थे।
 
घटना तड़के करीब चार बजे के आसपास हुई जब कैब चालक नुरुद्दीन महरौली स्थित राजपुर खुर्द से यात्रियों को लेने पहुंचा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अफ्रीकी नागरिकों के समूह में कुल छह व्यक्ति थे। इनमें से चार अफ्रीकी पुरुष जबकि दो महिलाएं थीं। नुरुद्दीन और यात्रियों के बीच तब बहस हो गई जब उसने सभी छह व्यक्तियों को अपनी कार में बैठाने से मना कर दिया।
 
समूह ने तब कथित तौर पर नुरुद्दीन पर हमला किया और भाग गए। घायल चालक किसी तरह से एक महिला को रोकने में सफल रहा। चालक ने पुलिस को फोन किया। महिला के बारे में माना जा रहा है कि वह रवांडा की नागरिक है। अधिकारी ने बताया कि नुरुद्दीन को चेहरे में चोट आई है और उसे एम्स ले जाया गया है। महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। एक मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
 
पिछले कुछ दिनों से अफ्रीकी नागरिकों पर श्रृंखलाबद्ध हमले हुए हैं। इसमें कांगो के एक युवक की राजधानी दिल्ली में हत्या और 23 वर्षीय नाइजीरियाई छात्र पर हैदराबाद में हुआ हमला शामिल है। अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमलों के सिलसिले में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेताओं को राहत नहीं