गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. social media, my blog, praskash hindustani
Written By डॉ. प्रकाश हिन्दुस्तानी

नाइस... वेरी नाइस... कांग्रेच्युलेशंस

नाइस... वेरी नाइस... कांग्रेच्युलेशंस - social media, my blog, praskash hindustani
#माय हैशटैग
फेसबुक पर कई लोग कभी-कभार ही आते हैं। आते भी हैं तो अनमने भाव से। वे लोग बगैर किसी पोस्ट को पूरा 
पढ़ें दनादन लाइक मारते जाते हैं। अगर कमेंट लिखने का मौका पड़े, तो नाइस या वेरी नाइस लिखकर आगे बढ़ जाते हैं। कभी-कभी कांग्रेच्युलेशंस भी उनका प्रिय शब्द होता है। तस्वीर में अगर कोई अपने कुत्ते के साथ है या अपनी बिल्ली के साथ है या गोद में बच्चा उठाए हुए है, कहीं पार्टी की जा रही है, कोई पुरस्कार पाया जा रहा है या यात्रा की जा रही है, तो नाइस, वेरी नाइस या कांग्रेच्युलेशंस जैसे शब्दों की भरमार लग जाती है। कई लोग शेरो-शायरी शेयर करना पसंद करते हैं, तो बगैर पढ़े भी वाहवाही करने वाले कम नहीं मिलते। ऐसा माना जाता है कि शेरो-शायरी के बारे में नकारात्मक टिप्पणी करने से किसी को अभद्र माना जा सकता है। फेसबुक पर कोई भी अभद्र नहीं दिखना चाहता। सभी चाहते हैं कि वे सुसभ्य, शालीन और पढ़े-लिखे नजर आएं। 
 
अमेरिका के अटलांटा में रहने वाले जैक लम्पलुघ ने ऐसे लोगों का मजा लेने के लिए फेसबुक पर एक सीरीज चला दी। सबसे पहले उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड सोमाली के साथ एक फोटो फेसबुक पर शेयर किया और नीचे लिखा कि आखिरकार हमने इसे ऑफिशियल बना ही दिया। इसका आशय यह था कि दोनों की दोस्ती रिश्तेदारी में बदलने की शुरुआत हो गई। फोटो में उन्होंने और उनकी गर्लफ्रेंड ने अंगूठी भी पहनी हुई थी। देखते-देखते ही उनके फेसबुक पेज पर लाइक्स की बाढ़ आ गई। कुछ ही घंटों में 578 लाइक्स जमा हो गए। 96 लोगों ने कमेंट्स लिखे, जिसमें अधिकांश ने कांग्रेच्युलेशंस लिखा हुआ था। आमतौर पर जैक को इतने लाइक्स कभी नहीं मिलते थे। 
 
थोड़े ही दिनों के बाद जैक ने फिर अपनी एक दूसरे गर्लफ्रेंड सोफिया के साथ फोटो फेसबुक पर चस्पा कर दिया। फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि आप फोटो में देख सकते है सोमाली पीछे कितनी दुखी नजर आ रही है। मेरी सगाई की सूचना से मुझे जो सैकड़ों रिस्पांस मिले हैं, शायद वह हजम नहीं कर पा रही है। कई लोगों को यह लग रहा होगा कि मैं शायद दूसरी बार फिर सगाई कर रहा हूं। मुझे प्रोत्साहन देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया। इस फोटो के बाद भी उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। सैकड़ों लोगों ने फोटो को लाइक किया और बड़ी संख्या में लोगों ने नाइस, वेरी नाइस और कांग्रेच्युलेशंस जैसे शब्द लिखे। जैक ने इन सब कमेंट्स का भरपूर मजा लिया, लेकिन वह यहीं नहीं रुका। 
 
कुछ ही दिनों बाद उसने फिर अपनी एक नई गर्लफ्रेंड के साथ मुस्कुराता हुआ फोटो चस्पा किया और लिखा कि आप सभी के प्यार और दुलार के लिए शुक्रिया। आपकी मोहब्बत की बदौलत ही मैं तीसरी बार फिर सगाई कर पा रहा हूं। अब मैं हमारे भविष्य को लेकर बहुत ज्यादा एक्साइटेट हूं। इस फोटो के जवाब में जिन-जिन लोगों ने कमेंट्स लिखे थे, उसको जैक ने संदेश दिया कि अब तो सोमाली बहुत ज्यादा हताश हो गई। 
 
लगातार तीन सगाई के फोटो पोस्ट करने के बाद भी जैक ने देखा कि कई लोग ऐसे थे जिन्होंने उसकी हर पोस्ट और फोटो को लाइक किया था और शुभकामनाएं दी थीं। देखते ही देखते सगाई की वह फोटो वायरल हो गई और लोगों को समझ में आया कि जैक मजाक कर रहा है। जैक ने अपने बहुत से फनी वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं, जो पसंद किए जा रहे हैं। 
 
अगर आपकी किसी फेसबुक पोस्ट पर बहुत ज्यादा लाइक्स मिले, तो अभिमान न करें, क्योंकि बहुत सारे लोग ऐसे हैं, जो आपकी पोस्ट पूरी पढ़ते भी नहीं, बस एक लाइक ठोंक देते हैं और आपको लगता है कि आप सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा लोकप्रिय हो गए हैं।