मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. Egg
Written By Author राकेश कुमार

'संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे'

'संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे' - Egg
'संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे', क्योंकि अंडा पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें शरीर के लिए जरूरी सभी पौष्टिक तत्व पाए जाते हैं। यह एनर्जी बूस्टर होने के साथ-साथ वजन को भी संतुलित रखता है इसलिए ब्रेकफास्ट में अंडों का सेवन कीजिए।
‘संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे’ वाली कहावत यूं ही नहीं प्रचलित है। वास्तव में अंडा अपने स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण लोगों के बीच खासा लोकप्रिय है। ब्रेकफास्ट में अंडा खाना लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। केवल अमेरिकन एग बोर्ड की मानें तो हर साल प्रत्येक व्यक्ति सामान्यतया 255 अंडों का सेवन करता है, लेकिन अंडों के बारे में कई बातें ऐसी हैं जिनसे शायद आप अभी तक अनजान हैं।
 
अंडे का आकार
अंडे का आकार एक जैसा नहीं है बल्कि इसका आकार कई प्रकार का है। अंडे छोटे, मध्‍यम और बड़े तीनों प्रकार के आकारों में आते हैं यानी अगर आपकी भूख 1 छोटा अंडा खाने की है तो आप छोटा अंडा खाएं और अगर आप ज्‍यादा चाहते हैं तो बड़ा अंडा खाएं। जितना बड़ा अंडा, उतना अधिक फायदा और उतना ही अधिक प्रोटीन और मिनरल्स आपके शरीर को मिलेगा।
 
पौष्टिक तत्वों से भरपूर
हालांकि इसमें पाया जाने वाला कोलेस्ट्रॉल दिल के लिए नुकसानदेह है लेकिन 40 से अधिक हुए शोधों में यह बात साबित हो चुकी है कि अंडा एक स्वस्थ आहार है। इसमें विटामिन ए, डी, बी-12 के साथ रिबाफ्लेविन, फॉस्फोरस और फोलेट पाया जाता है। ये सारे पौष्टिक तत्व शरीर के लिए फायदेमंद हैं और इनके कारण दिमाग मजबूत होता है और आंखों की रोशनी भी बढ़ती है।
 
वजन संतुलित रखता है
वजन का प्रबंधन करने में अंडा आपकी बहुत मदद कर सकता है। अंडा खाने के बाद आपकी भूख शांत हो जाती है और आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं। 1 अंडे में 70 कैलोरी और 6 ग्राम प्रोटीन होता है यानी इसे 'लो कैलोरी फूड' भी कहा जा सकता है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो अंडे का सेवन कीजिए।
 
प्रोटीन होता है
अंडे के सफेद भाग में एल्ब्युमिन नाम का प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। सुबह के वक्त शरीर को इस प्रोटीन की बहुत आवश्यकता होती है इसलिए अगर आप रोज नाश्ते में अंडे का सेवन करेंगे तो शरीर को भरपूर मात्रा में प्रोटीन मिलेगा। यह दिनभर आपको ऊर्जावान रखने में भी मदद करता है।
 
विटामिन डी
कैल्सियम के साथ-साथ विटामिन डी भी हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए जरूरी होता है। हमारे शरीर को विटामिन डी सूर्य की किरणों के अवशोषण और कुछ आहार से मिलता है, इसमें अंडा भी आता है। अंडे में विटामिन डी भरपूर मात्रा में होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है।
 
रंग का असर नहीं पड़ता
कुछ लोगों का मानना है कि सफेद अंडे की तुलना में भूरा अंडा अधिक फायदेमंद होता है, जबकि यह वास्तविक नहीं है। अमेरिकन एग बोर्ड के अनुसार अंडे के रंग से उसकी पौष्टिकता पर कोई फर्क नहीं पड़ता, सफेद और भूरे अंडे समान होते हैं और दोनों में बराबर मात्रा में पोषक तत्व मौजूद होते हैं।
 
फैट कम करता है
1 बड़े अंडे में 1.5 ग्राम सैचुरेटेड फैट, 1.8 ग्राम मोनोसैचुरेटेड फैट और 1 ग्राम पॉलीअनसैचुरेटेड फैट मौजूद होता है। इसके अलावा 1 बड़े अंडे में 185 मिग्रा कोलेस्ट्रॉल होता है। 2010 की डायटरी गाइडलाइन एडवाइजरी संस्था के अनुसार व्यक्ति को नियमित तौर पर 300 मिग्रा कोलेस्ट्रॉल की आवश्यकता होती है, इससे अधिक कोलेस्ट्रॉल के सेवन से दिल की बीमारियों के होने की आशंका होती है, लेकिन अगर आप रोज 1 अंडा खाएं तो आपकी कोलेस्ट्रॉल की जरूरत भी पूरी होगी और दिल भी बीमार नहीं होगा।
 
ताजे अंडे ही खाएं
अंडों की भी एक्सपायरी डेट होती है। फॉर्म से बाहर आने के 3 सप्ताह के अंदर ही अंडों का प्रयोग फायदेमंद होता है। लेकिन यह भी ध्यान रहे कि इस बीच वह अच्छी तरीके से कोल्ड स्टोर में रखा गया है। अगर अंडे अधिक समय बाहरी तापमान में रखे जाएं तो उनकी पौष्टिकता खत्म होने लगती है इसलिए कोशिश कीजिए कि ताजे अंडे ही खाएं।
 
एनर्जी बूस्टर है अंडा
अंडा बहुत ही अच्छा एनर्जी बूस्टर है। यदि आप रोज सुबह उठने में आलस का अनुभव करते हैं तो अंडे का सेवन आपके लिए फायदेमंद है। यह एक बेहतरीन एनर्जी बूस्टर है। रोज सुबह नाश्ते में इसे लेने से आपको पूरे दिन की ऊर्जा मिलेगी। इसके पीले भाग में हेल्दी फैट्स होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
 
अंडे के बारे में जानिए रोचक तथ्य
अंडे तो हमारे आहार का जरूरी हिस्सा हैं, लेकिन इसके बारे में कई ऐसी बातें हैं जिनसे हम अनजान हैं। जानिए कुछ ऐसी ही बातें, जो शायद आपने पहले कभी न सुनी हों।
 
अंडा बड़े काम का
अंडे में कई पोषक तत्व होते हैं। इसमें प्रोटीन, विटामिन और अन्य मिनरल्स भी होते हैं, लेकिन इसके अलावा अंडे के बारे में आप कितना जानते हैं। उबले अंडे का छिल्का उतारने का तरीका या फिर सही अंडे की पहचान। इस तरह के कामों में आपको खासी मेहनत करनी पड़ती है।
 
छिल्के उतरेंगे आसानी से
अंडे उबालने के बाद उसके छिल्के उतारने में काफी समय लगता है। अगर आप इस काम को आसान बनाना चाहते हैं तो अंडे को उबालने से पहले उसमें पिन से 1 छेद कर दें। इसके छिल्के आसानी से उतर जाएंगे।
 
क्या यह अंडा ताजा है?
अंडे की ताजगी की पहचान के लिए उसे नमक मिले ठंडे पानी में रखें। अगर वह अंडा डूब जाता है तो मान लीजिए कि वह ताजा है और अगर वह तैरता रहता है, तो समझ जाइए कि वह अंडा पुराना हो चुका है।
 
ठंडे पानी में रखें
उबले अंडों को आसानी से सफाई के साथ छीलने के लिए उन्हें उबलने के बाद 5 मिनट के लिए ठंडे पानी में डाल दें। थोड़ी देर बाद उन अंडों को छीलेंगे तो वे आसानी से छिल जाएंगे।
 
बाप रे बाप, इतने छिद्र?
क्‍या आप इस बात का यकीन करेंगे कि अंडे के छिल्के में 17,000 छोटे-छोटे रोम छिद्र होते हैं। नंगी आंखों से इन रोम छिद्रों को देख पाना संभव नहीं हो पाता। लेकिन अगर आप आवर्धक लैंस की सहायता से देखेंगे तो आप इन छिद्रों को महसूस कर पाएंगे।
 
बच्चे, बूढ़े और जवान
अंडों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों के कारण वे बुजुर्गों के लिए भी काफी सेहतमंद माने जाते हैं। बच्चे और युवा भी अंडे का सेवन कर सकते हैं। कुल मिलाकर कहा जाए तो अंडा पूरे परिवार के लिए उपयोगी और स्वास्थ्यवर्द्धक है।
 
दिल को रखे सेहतमंद
अंडों में ओमेगा थ्री फैटी एसिड होता है। इसे हैल्थी फैट कहा जाता है। यह तत्व हमारे दिल और रक्तवाहिनियों के लिए बेहद फायदेमंद होता है। अंडे के पीले हिस्से में वसा बहुत अधिक होती है इसलिए कई डॉक्टर इसका सेवन न करने की सलाह देते हैं। हालांकि वैज्ञानिक मानते हैं कि अगर सीमित मात्रा में अंडे के पीले हिस्से का सेवन किया जाए तो यह दिल को नुकसान नहीं पहुंचाता।
 
सप्ताह में 6 अंडे
शोध में यह बात प्रमाणित हुई है कि सप्ताह में 6 अंडे अपने आहार में शामिल करना स्वस्थ आहार का हिस्सा माना जाता है। अंडे काफी समय तक आपको पेट भरा होने का अहसास कराते हैं इस लिहाज से ये वजन कम करने में भी सहायक होते हैं।
 
कैसे रहते हैं ताजा?
अंडे सबसे ताजा तब रहते हैं, जब आप उन्‍हें उनकी ट्रे में ही रखकर फ्रिज में रखते हैं। ऐसे रखने से अंडे खराब नहीं होते और उनका काफी समय तक इस्‍तेमाल किया जा सकता है।
 
पोषक तत्वों का खजाना
अंडे में कुल 11 अलग-अलग विटामिन और मिनरल्स होते हैं। सभी खाद्य पदार्थों की अपेक्षा अंडों में प्रोटीन की मात्रा सबसे ज्‍यादा होती है।
 
एक्ने का इलाज
ऐसा माना जाता है कि अंडे के सेवन से एक्ने के इलाज में भी मदद मिलती है। अंडे भोजन में ग्लायकेमिक का स्तर कम कर देते हैं इसलिए ये त्वचा के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं।