रखें सहयोग की भावना संबंधों के मायाजाल में कई तरह के लोग होते हैं। रिश्तों की कसौटी तो विपरीत परिस्थितियों में ही होती है। खुशियों में साथ देने वालों की कमी नहीं रहती, लेकिन दुःख में हमारा साथ दे वही सच्चा दोस्त/संबंधी होता है। सहयोग की भावना किसी भी रिश्ते को प्रगाढ़ता में बदल देती है।
गलत कहने-सुनने से बचे निशा, यामिनी और रीना तीनों की खूब जमती थी। एक बार रीना ने गुस्से में निशा के समक्ष यामिनी के बारे में कुछ गलत कह दिया। बाद में उसे अपने कथन पर पछतावा हुआ लेकिन तब तक निशा यामिनी को वह बात बता चुकी थी, उसके कारण रीना और यामिनी के संबंधों में दरार उत्पन्न हो गई।
इधर की बातें उधर न करें कुछ लोग इधर की बातों को उधर करके लोगों के बीच गलतफहमियाँ पैदा करते हैं। ऐसे लोगों को नजरअंदाज करना चाहिए क्योंकि आवेश में व्यक्ति भले ही कुछ बोल दे, पर मन शांत होने पर उसे अपनी गलती पर पछताना पड़ता है।
समझौता करना सीखें प्रेमपूर्ण संबंधों में दोनों पक्षों को कुछ समझौते करने पड़ते हैं, एक दूसरे की अपेक्षाओं को पूरा करना पड़ता है। सिर्फ अपना लाभ देखना रिश्तों के बीच तनाव उत्पन्न कर सकता है।
टालमटोल व्यवहार न रखें सीमा घर की व्यवस्था न बिगड़े, यह सोचकर अक्सर अपने घर पर कोई भी कार्यक्रम करने में टालमटोल करती रहती थी, लेकिन उसके इस स्वभाव ने उसे दोस्तों, रिश्तेदारों से दूर कर दिया। अब उसके सजे-सँवरे, सुसज्जित घर को कोई देखने वाला भी नहीं है।
प्रेम के धागों से बँधे इन रिश्तों को चाहिए थोड़ी-सी देखभाल और विश्वास; फिर इनके टूटने का कभी भय नहीं होगा। संबंधों को आसानी से न टूटने दें, उनका उचित उपचार करें, भरसक प्रयास करें उन्हें चिरस्थायी बनाए रखने का।
|