बदलते फैशन ने हमारी पसंद को भी बदल दिया है। फैशन पर सबसे अधिक प्रभाव फिल्मों व टीवी सीरियलों का पड़ता है क्योंकि इन्हीं के हिसाब से फैशन बाजार में फैशनेबल वस्तुओं की डिमांड बढ़ती है फिर चाहे वह 'जोधा-अकबर' का लहँगा-चोली हो या फिर 'बालिका वधु' में पहने गए पोलकी सेट। आजकल फैशन के बाजार में आपकी माँग की व लेटेस्ट ट्रेंड की हर चीज मौजूद है।
बदलते दौर के साथ हमारे शौक भी बदले हैं। अब लड़कियाँ भी लड़कों की तरह नौकरीपेशा होने व फैशनेबल दिखने में यकीन करने लगी हैं। यही कारण है कि आजकल की युवतियों की पसंद भी कुछ-कुछ लड़कों सी होने लगी है फिर चाहे वह स्पोर्ट्स शू, लेदर जैकेट या फिर बड़े आकार की फैशनेबल घड़ियाँ पहनना ही क्यों न हो।
अब वे इन चीजों को लेकर नए-नए एक्सपेरिमेंट करने से भी गुरेज नहीं करती हैं। ऐसा हो भी क्यों न 'भला जमाना ही फैशन का है। और ऐसे में जो युवा जमाने के साथ कदमताल नहीं करेगा वह 'आउट डेटेड' कहलाएगा।' स्टाइलिश, स्मार्ट व फैशनेबल दिखने की चाहत में आजकल की युवतियाँ भी ड्रेसअप व लुक में फेरबदल करने के सभी फंडे अपनाती हैं।
बड़े डायल व चौड़े बेल्ट वाली घड़ियाँ : ट्रेंडी लुक पाने के लिए अब फैशन की दीवानी युवतियों की पसंद बड़े डायल की चौड़े बेल्ट वाली घड़ियाँ बन चुकी हैं। अब वो गुजरा जमाना या यूँ कहें कि पुराना फैशन हो चुका है, जब लड़कियाँ पतले-पतले लेदर बेल्ट वाली छोटी-छोटी गोल्डन चैन व ब्लैक बेल्ट घड़ियाँ पहनती थीं।
बड़े डॉयल की चौड़े बेल्ट वाली फैशनेबल घडि़यों को पहनने के पीछे नए जमाने की युवतियों का तर्क यह होता है कि 'ऐसी घड़ियाँ हमें आत्मविश्वासी बनाती हैं, वहीं हमारे व्यक्तित्व को भी बखूबी निखारती हैं। साथ ही इस प्रकार की लड़कियाँ साड़ी व जींस सभी ड्रेसों पर जँचती हैं।'
यही कारण है कि आजकल की नौकरीपेशा युवतियों की पहली पसंद बड़े डॉयल की चौड़े बेल्ट वाली घड़ियाँ हैं। कई प्रतिष्ठित घड़ी निर्माता कंपनियाँ भी अब खासतौर पर युवतियों के लिए स्पोर्टी व ट्रेंडी लुक वाली घडि़यों का निर्माण कर रही हैं। खासकर दुबली लड़कियों की पतली कलाई पर तो ये घड़ियाँ खूब जँचती हैं।
रंग जो कर दें दीवाना : फैशन की दीवानी युवतियों के लिए अब चौड़े बेल्ट वाली फैशनेबल घड़ियाँ बाजार में ब्लैक व ब्राउन के साथ ही कई अलग-अलग आकर्षक व नए रंगों में भी उपलब्ध हैं। इनके बेल्ट भी बेहद आकर्षक होते हैं। आप यदि कुछ हट के पहनना चाहते हैं तो एक बार चेरी रेड, व्हाइट और स्काय ब्लू कलर की रिस्ट वॉच जरूर ट्राय कीजिएगा। ये घड़ी आपको भीड़ से अलग कुछ हट के व ट्रेंडी लुक देगी।
यदि आप चाहें तो सप्ताह के सातों दिन अपनी ड्रेस से मैच अलग-अलग रंगों की घड़ियाँ पहनकर कुछ नया ट्राय कर ऑफिस में अपने लुक के कारण अपनी एक अलग पहचान बना सकती हैं तथा अपने सहकर्मियों की वाहवाही पा सकती हैं। जैसे कि सोमवार को गुलाबी, बुधवार को लाल और शनिवार को ब्लैक आदि।
दाम भी है कम : हमें किसी भी चीज को खरीदने से पहले उसके दाम पर कम और उसकी उपयोगिता पर अधिक ध्यान देना चाहिए। जैसे कि आप हर रोज अलग-अलग रंग की घड़ी पहनना पसंद करती हैं तो आपको ब्रांडेड की बजाय लोकल कंपनियों की फैशनेबल घड़ियाँ खरीदना चाहिए। आजकल लोकल कंपनियाँ भी कई ब्रांडों की महँगी घड़ियों की डुप्लीकेट घड़ियाँ बनाने लगी हैं। इसका मतलब हुआ कि आप ब्रांडेड घड़ी की सेम कॉपी वाली डुप्लीकेट घड़ी बाजार से खरीद सकते हैं।
इससे आपको यह फायदा होगा कि आप अपने बजट में ही अलग-अलग तरह की घड़ियाँ पहनकर अपना शौक पूरा कर सकती हैं तथा फैशन के बदलते ही नए फैशन की घड़ियाँ भी खरीद सकती हैं। लेकिन यदि आप सालों तक साथ निभाने वाली केवल एक या दो घड़ियाँ ही खरीदना चाहती हैं तो आपके लिए ब्रांडेड घड़ियाँ अच्छा विकल्प है।
लोकल कंपनी की फैशनबल घड़ियाँ बाजार में आपको 150 से 500 रुपए तक में आसानी से मिल जाएगी, जबकि ब्रांडेड घड़ियों के लिए आपको 1200 से 5,000 रुपए तक भी खर्च करना पड़ सकते हैं। अब यह आप पर निर्भर करता है कि आपका शौक व बजट दोनों कैसे हैं।