मुख्य पृष्ठ > विविध > वेबदुनिया विशेष 07 > स्वतंत्रता दिवस
सुझाव/प्रतिक्रिया मित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
जब स्त्रियों ने उठाई बंदूकें
स्‍वतंत्रता आंदोलन की वीर बालाएँ
मनीषा पांडेय
उन्‍नीसवीं सदी हिंदुस्‍तान में आजादी की लड़ाई के साथ-साथ नवजागरण का भी दौर था। महाराष्‍ट्र, बंगाल समेत पूरे भारत में सामंती जकड़नें टूट रही थीं और नव आधुनिक विचारों का उजास फैल रहा था। इस सांस्‍कृतिक पुनर्निर्माण में पितृसत्‍ता के बंधन भी ढीले पड़ रहे थे। स्त्रियाँ घर की चारदीवारी से बाहर आ रही थीं और जंग-ए-आजादी में पुरुषों के साथ कदम मिलाकर चल रही थीं। फिरंगियों की लाठी-गोली खाने से लेकर जेल जाने और जुलूस-धरने-प्रदर्शन किसी में भी स्त्रियाँ पुरुषों से कमतर नहीं थीं

NDND
गाँधीजी सदियों से चली आ रही उस मान्‍यता के सख्‍त खिलाफ थे, जो स्त्रियों को पुरुषों से कमतर मानती थी। उन्‍होंने कहा, ‘यदि शारीरिक बल को छोड़ दें तो नैतिक और आत्मिक शक्ति में स्त्रियाँ पुरुषों से कहीं श्रेष्‍ठ हैं’ महात्‍मा गाँधी समेत ज्‍योतिबा फुले, ईश्‍वरचंद विद्यासागर और राजा राममोहन राय आदि समाज सुधारक स्त्रियों की गुलामी और उन्‍हें घर की सीमाओं में कैद किए जाने के पक्षधर नहीं थे

साहित्‍य में प्रेमचंद स्त्रियों की आजादी के पक्ष में लिख रहे थे, ‘हमें घर की इज्‍जत बचाने के नाम पर औरतों को घर की दीवारों में कैद कर देने का कोई हक नहीं है’ स्त्रियों की मुक्ति और चूल्‍हे-चौके से इतर सामाजिक जीवन में उनकी भूमिका को मजबूत करने में आजादी की लड़ाई का बहुत बड़ा योगदान रहा।

उस दौर के इतिहास ने एक बार फिर सदियों से चली आ रही इन प्रस्‍थापनाओं को झुठलाया कि स्‍त्री अन्‍या है, कमजोर है और गृहस्‍थी और मातृत्‍व ही उसका एकमात्र कर्त्‍तव्‍य है। हिंदुस्‍तानी स्त्रियों का साहस और बलिदान देखकर फिरंगियों की भी रूहें काँप उठीं। जिस तरह उन्‍नत भाल माएँ अपने बेटों को फाँसी के तख्‍ते पर चढ़ने के लिए विदा कर रही थीं, नन्‍ही लड़कियाँ अपने सीने पर अँग्रेजों की गोली खा रही थीं, उसने गोरे फिरंगियों को भी एकबारगी हैरान कर दिया

हिंदुस्‍तान की पहली महिला शहीद:
प्रीतिलता वड्डेदार आजादी की लड़ाई की कुछ ऐसी जुझारू और साहसी युवतियों में से थी, बहुत कम उम्र में ही तमाम सुख-आराम से परे अँग्रेजों से देश की मुक्ति ही जिसके जीवन का लक्ष्‍य बन गया था। फिरंगियों के लिखे इतिहास में प्रीतिलता वड्डेदार का नाम कहीं दर्ज नहीं है। उनका नाम इतिहास में वह स्‍थान न पा सका, जिसकी वह सचमुच हकदार थी।

प्रीतिलता चटगाँव के बालिका विद्यालय में अध्‍यापिका थी। चारों ओर अँग्रेज हुकूमत के खिलाफ आजादी का बिगुल बज रहा था। प्रीतिलता भी हृदय से उस जंग में शामिल थी और खुद भी इसमें योगदान करना चाहती थी। देशभक्ति का जज्‍बा तो भीतर था ही, अपने एक परिचित नेता सूर्यसेन के साथ मिलकर वह क्रांतिकारी गतिविधियों में हिस्‍सा लेने लगी।

स्‍कूल के बाद का पूरा समय इन्‍हीं सपनों और योजनाओं को समर्पित था। 24 सितंबर, 1932 को प्रीतिलता एक क्रांतिकारी अभियान प
NDND
निकलीं। क्रांतिकारी दल के सदस्‍यों ने मिलकर एक यूरोपियन क्‍लब को उड़ाने की योजना बनाई थी, जिससे गोरों की अय्याशियों को एक झटका लगता। इस अभियान के लिए प्रीतिलता को चुना गया। 24 सितंबर की रात कुछ लोगों को साथ लेकर प्रीतिलता इस अभियान पर निकली। रात के अँधेरे में, जब गोरे नाचने-गाने में मगन थे, क्रांतिकारियों ने हमला कर दिया। बम के धमाकों से गोरे भयभीत हो गए। लेकिन जीत अँग्रेजों की ही हुई। अभियान सफल न हो सका। बचकर भागने के बजाय प्रीतिलता ने साइनाइड खाकर आत्‍महत्‍या कर ली। वह हिंदुस्‍तान की पहली महिला शहीद थी। मृत्‍यु के बाद उनके पास एक पर्चा मिला, जिस पर लिखा था, ‘स्‍त्री और पुरुष, दोनों एक ही लक्ष्‍य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। फिर दोनों में फर्क क्‍या’ प्रीतिलता का जीवन ज्‍यादा लंबा न था। होता तो ऐसे जाने कितने अय्याश हुक्‍मरानों की नींदें हराम हुई होतीं।
 
  1 | 2  >> 
और भी
हम गुलाम क्‍यूँ हैं
इतिहास के पन्नों से गुमनाम हैं जो शहादतें
बा की यादें
आजादी के 60 बरस
सिनेमा के 60 बरस
जब अखबार बने आजादी का हथियार