- वंदना यदि प्रेम के देवता कामदेव को अपना अंतर्राष्ट्रीय रूप धरना होता, तो निश्चित तौर पर उनका यह परकाया प्रवेश बिल क्लिंटन के रूप में ही होता। लेकिन फिर भी शायद विशुद्ध प्रेम बांटने के लिए विख्यात यह देवता मॉडर्न केसोनोवा बिल के आगे घुटने टेक देता। राष्ट्रपति के रूप में विख्यात, मगर प्रेम के मामले में कुख्यात बिल क्लिंटन के खाते में कितनी महिलाओं के आरोप दर्ज हैं शायद वे भी नहीं जानते होंगे।
कॉलेज की कच्ची उम्र से ही वे 'ये दिल मांगे मोर' में यकीन रखते थे। महिला अनुरागी बिल को किसी भी स्त्री की उपस्थिति मात्र मदहोश कर देती थी। यही वजह थी कि उनका कॉलेज रेकार्ड उनके अंकों के बजाय उप पर लगे आरोपों की संख्या ज्यादा बयान करता है। कॉलेज के दिनों में एक दर्जन से अधिक लड़कियों से उनके अंतरंग संबंध थे।
आम पुरुषों की तरह उन्होंने भी प्रेम के स्थायित्व के रूप में विवाह में यकीन दिखाया और 1977 में हिलेरी राधम से शादी कर ली। लेकिन उनका मन तृप्त होनेवालों में से नहीं था। अलग-अलग लड़कियों के साथ उनका नाम जुड़ता रहा और हिलेरी धैर्य के साथ आहत मन से अपने पति का साथ देती रहीं। क्लिंटन गवर्नर से वे राष्ट्रपति बने और उनकी वासना को भी उसी के साथ पंख लग गए।
व्हाइट हाउस में उनकी मुलाकात मोनिका लेवेंस्की से हुई और इस अदना सी कर्मचारी ने सुनहरे अक्षरों में लिखी क्लिंटन की प्रतिष्ठा को धुंधला कर दिया। यह ऐसा आघात था जिससे उबरने में क्लिंटन को बहुत वक्त लगा। खुद को हमेशा पाक बचा ले जानेवाले क्लिंटन को ना सिर्फ अपना यह संबंध सार्वजनिक रूप से स्वीकारना पड़ा, बल्कि उसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी।
|