भारतीय फिल्म निर्देशक क्रांति कनाडे की पहली फिल्म को अमेरिका के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय ने अपने पाठ्यक्रम में शामिल किया है। इस फिल्म का नाम 'महक' है।
अमेरिका के ओहियो विवि के ओटरबीन कॉलेज ने हिन्दी फिल्म महक को अपने 'इंटीग्रेटिव स्टडी प्रोग्राम' के पाठ्यक्रम में शामिल किया है। विवि के अनुसार यह फिल्म आधुनिक भारत को समझने का एक बेहतर जरिया है।
विवि के अनुसार कनाडे की निर्देशित पहली हिन्दी फिल्म 'महक' में कुछ मुद्दों को बहुत अच्छी तरह से उठाया गया है। इसमें बाल अधिकारों की चर्चा काफी विस्तृत रूप से की गई है। इस फिल्म को बनाने में 'चिल्ड्रन फिल्म सोसायटी ऑफ इंडिया' (सीएफएसआई) ने मदद की थी।
इस फिल्म ने कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते जिनमें 10वें आरपा फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार और 41वें ह्यूस्टन फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ पारिवारिक फिल्म का पुरस्कार शामिल है।
उल्लेखनीय है कि ओटरबीन अमेरिका के कुछ सबसे पुराने और प्रतिष्ठित विवि में से एक है। इसकी स्थापना 1847 में हुई थी। इससे पहले इस विवि ने इसी प्रोग्राम के तहत अपर्णा सेन की 'मिस्टर एंड मिसेज अय्यर', झुंपा लाहड़ी के उपन्यास पर बनी फिल्म 'नेमसेक' और रिचर्ड एटनबरो की 'गाँधी' को अपने पाठ्यक्रम में शामिल किया था। (एजेंसी)
|