विगत दिनों भारतीय प्रधान कोंसलावास, टोरंटो ने हिंदी दिवस के अवसर पर एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया। उपस्थित हिंदी प्रेमियों का स्वागत करते हुए, कोंसलावास की चांसरी के प्रमुख महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वो हिंदी के प्रचार एवं प्रसार में संलग्न सभी संस्थाओं को सहयोग देंगे।
हिंदी मंच के सह-संस्थापक तथा कवि सम्मेलन के आयोजक, देवेंद्र मिश्र ने कहा कि हिंदी विश्व की तीन सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में एक है और चूँकि भाषा किसी भी संस्कृति की आत्मा होती है, लिहाजा इसे बरकरार रखकर आगे बढ़ाना हमारा दायित्व है।
कवि सम्मेलन की मुख्य अतिथि दीप्ति अचला कुमार ने स्वर्गीय महादेवी वर्मा के साथ बिताए अपने अनुभवों की चर्चा की और उनकी कुछ अनुपम रचनाएँ प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
कवि सम्मेलन में स्थानीय कवि गणों में पराशर गौड़, शांति स्वरूप सूरी, सुरेंद्र पाठक, सुधा मिश्र, मीना चोपड़ा, विजय विक्रांत, गोपाल बघेल, राकेश तिवारी, संदीप त्यागी, हरजिंदर सिंह भसीन, हरि मोहन सिंह आदि ने हिंदी कविताओं के विभिन्न स्वरूपों की मनोहारी प्रस्तुति द्वारा उपस्थित सभी हिंदी प्रेमियों का दिल जीत लिया। सभी लोगों ने टोरंटो स्थित भारतीय प्रधान कोंसलावास तथा हिंदी मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की प्रशंसा की।