हैरी बावेजा अपने बेटे की पहली फिल्म ‘लव स्टोरी 2050’ में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। आमतौर पर निर्माता अपनी फिल्मों का प्रीमियर भारत के प्रमुख शहरों में करते हैं, लेकिन हैरी ‘लव स्टोरी 2050’ का प्रीमियर लंदन में करने वाले हैं।
4 जुलाई को आमिर खान द्वारा निर्मित फिल्म ‘जाने तू... या जाने ना’ भी प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म का प्रीमियर संभवत: मुंबई में होगा। हैरी नहीं चाहते कि उनकी फिल्म का प्रीमियर मुंबई में हो और लोगों को इस दुविधा का सामना करना पड़े कि वे किस फिल्म के प्रीमियर में जाए।
लंदन के साथ-साथ हैरी दुबई और टोरंटो में भी फिल्म का प्रीमियर करने का विचार कर रहे हैं। इससे फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिलेगी। फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स देखने लायक हैं, ऐसा निर्माता का दावा है।
‘लव स्टोरी 2050’ में सन् 2050 का मुंबई दिखाया गया है। हरमन बावेजा, प्रियंका चोपड़ा और बोमन ईरानी इस फिल्म के प्रमुख कलाकार हैं।
|