मुख्य पृष्ठ > विविध > साहित्य > पुस्तक-समीक्षा
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
आओ लौट चलें
रिपुदमनसिंह के पुत्र रामकृपालसिंह दो बार इलाके के सांसद भी रहे। एक सड़क दुघर्टना में उनकी मौत हो जाती है। रामकृपालसिंह के दो बेटे हैं बड़ा अक्षय जो शहर में बड़ा वकील है और छोटा अजय जो गाँव में बाप-दादा के द्वारा संचित की गई पूँजी की देखभाल करता है। उसे समाजसेवा का बड़ा चस्का है। वह कॉलेज की संचालन सम‍िति का अध्यक्ष भी है।

अजय कहानी का सेंटर पॉइंट है जब भी कहानी अटकती है अजय ही कहानी को आगे बढ़ाता है। वह राजेंद्र को कविता से और मनीश को मंजू से मिलाने में मदद करता है। सोनू को पुत्रवत रखता है और उसे डॉक्टर बनाकर उसके करियर को सवाँरता है। ताऊजी को स्वदेश आने के लिए प्रेरित कर वह अपने संपूर्ण परिवार को सफलतापूर्वक एकजूट करता है।

प्रो. राजेंद्रसिंह को कॉलेज में ही अजय की बहन कव‍िता से प्यार हो जाता है। कविता एक विधवा है। शुरू में अजय की माँ, माँ ठकुराइन इस अंतरजातीय विवाह का विरोध करती है मगर अजय के मनाने पर मान जाती है। बस यहीं से कहानी में लयात्मकता के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जंग का ऐलान हो जाता है। कविता मास्टर दीनानाथ की सलाह पर समाजसेवा में डूब जाती हैं और प्रौढ़ शिक्षा, वृद्धाश्रम आदि कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम देती है। क्षेत्र में उसकी लोकप्रियता बढ़ती चली जाती है और वह कव‍िता से कव‍िता दीदी हो जाती है। वह विधायक पप्पूसिंह को हराकर विधायक भी बनती है और उसकी मौत के बाद अपने पति राजेंद्र के साथ जाकर मानवता का नया इतिहास भी लिखती है।

राजेंद्रसिंह कॉलेज में राजनीति के खिलाफ जंग छेड़कर क्षेत्र के दबंग नेता पप्पूसिंह से दुश्मनी मोल ले लेता है। कॉलेज चुनाव में हिंसा भी होती है मगर प्रोफेसर के प्रयासों से गुंडा तत्वों की हार होती है और पप्पूसिंह की कॉलेज में अपना दबदबा स्थापित करने की तमन्ना अधूरी रह जाती है। इस बात से वह आहत होता है और राजेंद्रसिंह पर हमला करा देता है। राजेंद्रसिंह की जान बच जाती है मगर मामला बहुत उछलता है और हमलावर की भी बाद में हत्या हो जाती है। बाद में पप्पूसिंह विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बन जाता है। मगर राजेंद्रसिंह का मामला उसे बहुत परेशान करता है। पत्रकार मनीश के आगे वह हार मान जाता है। अगले चुनाव में कव‍िता से हारकर वह आत्महत्या कर लेता है।

मनीश और मंजू दोनों ही ईमानदार पत्रकार हैं। दोनों एक स्टोरी के माध्यम से संपर्क में आते हैं और एक-दूसरे के हो जाते हैं। वे अजयसिंह की मदद से खुद तो प्रेम विवाह करते है। मगर रामकिशन और कृष्णा की शादी का विरोध करते हैं। रामकिशन और कृष्णा रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं। बाद में वे कृष्णा को गोद लेकर उसका कॅरियर भी सवाँरते हैं। वे लोकमंगल नाम से एक चैनल भी शुरू करते हैं, जिसका उद्देश्य पैसा कमाना न होकर समाजसेवा है।

नकारात्मक बातों पर सकारात्मकता का हावी होना कहानी का मजबूत पक्ष है। लेखक ने सामाजिक कुरीतियों पर जमकर प्रहार करते हुए भी उपन्यास को बोझिलता से दूर रखकर रोचकता को बरकरार रखा है। हर पात्र आदर्श की बाते करता प्रतीत होता है अत: कहीं-कहीं फिल्मों वाली काल्पनिकता की झलक भी मिलती है। विषय अच्छा और लिक से हटकर है। तर्को के प्रयोग से अपनी बात को वजनदार बनाने में लेखक सफल रहा है। समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आंदोलन की अपील करता एक गतिशील उपन्यास है-आओ लौट चले।

पुस्तक : आओ लौट चले
लेखक : तेजपाल चौधरी
मूल्य : दो सौ पचास रुपए
प्रकाशक : पंचशील प्रकाशन, फिल्म कॉलोनी, चौड़ा रास्ता जयपुर-302003
<< 1 | 2 
और भी
जानकारीपरक पुस्तक 'भारत का भविष्य'
परदेस के पेड़
दो गाँधी आमने-सामने
बारूद डालना भूल गए आडवाणी !
दिल्ली के बहाने युवा पीढ़ी पर व्यंग
अब बड़ी घटना उद्वेलित नहीं करती