मुख्य पृष्ठ > विविध > नन्ही दुनिया > प्रेरक व्यक्तित्व
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
ऐसे थे भारत के राजीव  Search similar articles
जन्म : 20 अगस्त, 1944
मृत्यु : 21 मई, 1991

WDWD
31 अक्टूबर 84 को उनकी माता इंदिराजी की हत्या के बाद जब पहली बार राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली तो वे विश्व के लोकतंत्र के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। 1984 में ही वे इंका अध्यक्ष बने और 21 मई 1991 को नृशंस बम विस्फोट में उनकी हत्या तक वे इस पद को सुशोभित करते रहे।

राजीव गाँधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। भारत को आजाद होने में अभी तीन वर्ष बाकी थे। वे ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने आजादी के उस संघर्ष को नहीं देखा, जिसमें उनके परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे। नाना पंडित जवाहरलाल नेहरू उनके जन्म के समय अपनी 9वीं और अंतिम जेल यात्रा पर थे। उनकी माँ इंदिरा गाँधी खुद 15 महीने पहले ही जेल से छूटी थीं और पिता फिरोज गाँधी सिर्फ एक वर्ष पहले जेल से छूटे थे।

इंदिरा गाँधी के पुत्र और पं. जवाहरलाल नेहरू के नाती होने के कारण बालक राजीव का पालन-पोषण सत्ता के प्रभामंडल के इर्द-गिर्द हुआ। राजनीतियों और वैदेशिक कूटनीतिज्ञों की आवाजाही को करीब से देखने का उन्हें पर्याप्त अवसर मिला था।

हालाँकि उन्होंने खुद कभी सत्ता के आसपास आने की कल्पना तक नहीं की थी लेकिन संजय गाँधी की मृत्यु के बाद अपनी माँ इंदिरा गाँधी को राजनीतिक सहारा देने के लिए राजीव गाँधी को अनिच्छा से भारतीय राजनीति में आना पड़ा। फिर एक दिन ऐसा भी आया कि माँ की मृत्यु के बाद उन्हें खुद भी सक्रिय राजनीति में आकर सलीब पर चढ़ना ही पड़ा।

स्व. राजीव गाँधी ऐसे युवा प्रधानमंत्री थे जिन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों को अत्यधिक प्रभावित किया था। इस राजनीतिक सफलता-कुशलता का कारण यह था कि राजीव गाँधी को अपने पिता फिरोज गाँधी से 'अपना काम खुद करो' की प्रेरणा मिली थी।

राजीवजी कहते थे कि उनको अपने नाना पंडित नेहरू से 'आराम हराम है' तथा पिता फिरोज गाँधी ने 'श्रम की महत्ता और बिना झिझक के सच बोलने' की प्रेरणा मिली थी। अपने पिता से ही उन्होंने पाश्चात्य शास्त्रीय संगीत का शौक पाया था जबकि इसके पहले उनकी माँ का सोचना था कि नेहरू लोग संगीत प्रेमी नहीं होते।

कैम्ब्रिज में जहाँ राजीव पढ़े थे, वहाँ वे बहुत खामोशी से रहे तथा यह भी पता नहीं चलता था कि वे प्रधानमंत्री के पुत्र हैं। एक बार तो जानकारी लेने पर उन्हें यह बताना पड़ा था कि महात्मा गाँधी से उनका कोई रिश्ता नहीं है। बिना यह बताए कि वे पंडित नेहरू के नाती हैं। दूसरे विद्यार्थियों की तरह कभी-कभी उन्हें भी पैसों की तंगी से गुजरना पड़ जाता था। अपनी छुट्टियों के दौरान उन्हें फल चुनने, आइस्क्रीम बेचने, ट्रक लोड करवाने तथा बेकरी में नाइट शिफ्ट में काम करना पड़ जाता था।

वह अक्टूबर 1984 का अंतिम दिन था। दिल्ली चुनाव से पूर्व के वातावरण में डूबी हुई थी। इंदिरा गाँधी ने दो महीनों के भीतर आम चुनाव करवाने का मन बना लिया था। उस समय उन्हें टीवी के लिए एक इंटरव्यू देना था। जैसे ही वे 1, सफदरजंग रोड स्थित अपने आवास से 1, अकबर रोड स्थित कार्यालय के लिए निकलीं, उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन पर गोलियाँ चला दीं।

अचेतन अवस्था में और क्षत-विक्षत रूप से उन्हें आर.के. धवन और सोनिया गाँधी द्वारा कार से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उसी दिन शाम को राजीवजी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

वे विश्व के लोकतंत्र के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। 1984 में ही वे इंका अध्यक्ष बने' हालाँकि राजीव गाँधी को सत्ता का कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं था, फिर भी उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से गहरे अनुभव प्राप्त थे। इंदिरा गाँधी के निधन के तेरहवें दिन जैसी कि उनकी इच्छा थी हिमालय पर उनकी भस्मी उनके पुत्र द्वारा बिखेर दी गई।
  राजीव गाँधी के शासन का मूलमंत्र इस प्रकार प्रकट हुआ- 'एक साथ मिलकर हमें एक ऐसा भारत बनाना है जो इक्कीसवीं सदी का आधुनिक भारत बने।'      

उसी दिन राजीव गाँधी ने रेडियो और टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संदेश दिया। यह उनका पहला नीतिगत संबोधन था जो कि विज्ञान, टेक्नॉलाजी और राष्ट्र के स्वाभिमान को व्यक्त करता था। इस भाषण में राजीव गाँधी के शासन का मूलमंत्र इस प्रकार प्रकट हुआ- 'एक साथ मिलकर हमें एक ऐसा भारत बनाना है जो इक्कीसवीं सदी का आधुनिक भारत बने।' 21 मई 1991 को नृशंस बम विस्फोट में उनकी हत्या कर दी गई।
और भी
सबके लिए अच्छा करना : मेरा बचपन
सतीश कौशिक अंकल का बचपन
योद्धा अकबर
चंद्रशेखर आजाद
वीर (विनायक) सावरकर
छत्रपति शिवाजी महाराज