दिल के दौरों से बचने के लिए एहतियात के तौर पर एस्प्रिन का इस्तेमाल करने वाले स्वस्थ लोगों को यह और अधिक नुकसान पहुँचा सकती है। यह बात एक अध्ययन में सामने आई है। चिकित्सा पत्रिका 'ड्रग्स एंड थेराप्यूटिक्स बुलेटिन' डीटीबी में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार नियमित तौर पर इस ड्रग को लेने के पीछे यह धारणा है कि इससे हृदयाघात या दौरों से बचा जा सकता है लेकिन यह आंतरिक रक्तस्राव सहित पेट की गंभीर समस्याएँ पैदा कर सकती है।
डीटीबी के संपादक इके इकियानाचो ने कहा कि पेट में रक्तस्राव घातक हो सकता है। जिन लोगों को कभी दिल का दौरा नहीं पड़ा उनके लिए साक्ष्य इस ड्रग के सेवन की इजाजत नहीं देते। शोधकर्ताओं ने पाया है कि कुछ स्वस्थ लोग हर दिन एहतियात के तौर पर भी एस्प्रिन लेते हैं क्योंकि उन्हें इसके खतरनाक साइड इफेक्ट का पता नहीं होता है।
अध्ययन कहता है कि जिन लोगों को पहले ही दिल का दौरा पड़ चुका है वे अपने डॉक्टर के परामर्श पर एस्प्रिन का सेवन जारी रख सकते हैं। 'द टेलीग्राफ' की खबर के अनुसार जिन लोगों को 50 साल से अधिक उम्र में दिल का दौरा पड़ चुका है या मधुमेह है और रक्तचाप की भी शिकायत है उनके लिए फिलहाल इस दवा के सेवन की सलाह दी जा सकती है।