दिनभर बैठकर एक ही जगह काम करना भले ही आपको पसंद हो लेकिन इससे प्रोस्टेट कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है। यह दावा एक नए शोध में किया गया है।
ब्रिटिश जर्नल ऑफ कैंसर की रिपोर्ट के मुताबिक दिनभर एक जगह बैठकर काम करने वाले व्यक्तियों को सक्रिय रहते हुए (जैसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाकर) काम करने वालों के मुकाबले प्रोस्टेट कैंसर होने का खतरा 30 प्रतिशत अधिक होता है।
45 से 79 उम्र वर्ग के 45,000 लोगों पर किए गए शोध के मुताबिक शारीरिक श्रम करने वालों को बैठकर काम करने वालों के मुकाबले प्रोस्टेट कैंसर होने का खतरा 28 प्रतिशत कम होता है। जबकि आधा दिन बैठकर काम करने वालों को पूरा दिन बैठकर काम करने वालों के मुकाबले कैंसर का खतरा 20 प्रतिशत कम हो जाता है ।
रिपोर्ट के मुताबिक विभिन्न प्रकार के व्यायाम भी इस बीमारी से बचाव करते हैं। प्रतिदिन एक घंटा टहलने से या साइकिल चलाने से प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को 14 प्रतिशत कम किया जा सकता है।