शारीरिक सौष्ठव को बनाए रखने के लिए स्टेरॉयड का लगातार उपयोग करने वाले हो जाएँ सावधान। एक नए शोध के अनुसार स्टेरॉयड का लगातार उपयोग गुर्दों के लिए घातक साबित हो सकता है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर की मुख्य शोधकर्ता लियाल हरलिट्ज ने कहा कि स्टेरॉयड के उपयोग से शरीर को पहुँचने वाला नुकसान मोटापे से होने वाले नुकसान से कहीं बड़ा हो सकता है, जिससे बचने के लिए लोग स्टेरॉयड का उपयोग करते हैं।
शोध के दौरान दल ने 10 बॉडीबिल्डरों का अध्ययन किया। इन बॉडीबिल्डरों ने कई वर्ष तक स्टेरॉयड का उपयोग किया था, जिसके बाद इनके गुर्दों की कार्यक्षमता में कमी पाई गई। परीक्षण से पता चला कि इन 10 में से नौ एक विशेष बीमारी से ग्रस्त थे, जो सामान्य तौर पर तब होती है, जब गुर्दों को क्षमता से अधिक काम करना पड़ता है।
लियाल ने कहा कि शोध के परिणामों के अनुसार स्टेरॉयड गुर्दों पर विषैला प्रभाव भी डालता है। बॉडीबिल्डरों के स्टेरॉयड का सेवन बंद करने के बाद उनके गुर्दों की कार्यक्षमता में सुधार आया। शोध के परिणाम सैन डियागो में अमेरिकन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी की 42वीं वार्षिक बैठक में प्रस्तुत किए गए।