नियमित व्यायाम मांसपेशियों को लचीला बनाता है, साथ ही शरीर को भी स्वस्थ रखता है। बुजुर्ग लोग ज्यादा परिश्रम का काम नहीं कर सकते, इसलिए उन्हें रोजाना व्यायाम करना चाहिए। यदि वे समय निकालकर सप्ताह में एक बार भी व्यायाम कर लें, तो उनकी मांसपेशियों की कार्यक्षमता बनी रहती है और अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए किसी की सहायता की जरूरत नहीं पड़ती। एक अनुसंधान में पाया गया है कि सप्ताह में एक बार का व्यायाम न सिर्फ बुजुर्गों की मांसपेशियों को काफी स्वस्थ बनाता है, बल्कि उनकी मांसपेशियों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना भी काफी कम हो जाती है। इस अनुसंधान के लिए वैज्ञानिकों ने 70 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों का चुनाव किया। इन्हें दो ग्रुपों में बाँटकर 6 महीने तक सप्ताह में एक बार व्यायाम करवाया गया। इसके 6 महीने बाद किए गए परीक्षण में यह पाया गया कि इन बुजुर्गों की मांसपेशियों की कार्यक्षमता काफी बढ़ गई थी। इसके साथ ही मांसपेशियाँ आकार में भी बड़ी हो गई थीं। खास बात ये थी कि ये बुजुर्ग अपना काम स्वयं करने लगे थे और दूसरों पर उनकी निर्भरता काफी कम हो गई थी। |