व्यायाम कौन से करें
तेज चलना, तैरना, ट्रेडमिल पर चलना, सायकल चलाना ऐसे व्यायाम हैं जो करना आसान हैं और आसानी से उपलब्ध हैं। सभी व्यायाम में तेज गति से चलना सर्वश्रेष्ठ है। इसे करने के लिए कोई विशेष मशीन या स्थान या साधन की आवश्यकता नहीं होती और अपनी सुविधानुसार किया जा सकता है। जिन मरीजों के हार्ट का पंप कमजोर नहीं है, या ऐसे मरीज को एंजियोप्लास्टी अथवा बायपास की सलाह दी गई है किंतु किन्हीं कारणों से करवा पा रहे हैं वे भी मध्यम गति से रोजाना इतनी सैर कर सकते हैं। सायकल चलाना, ट्रेडमिल पर चलना या तैरना लगभग चलने के बराबर के ही व्यायाम हैं और डॉक्टर की सलाह से किए जा सकते हैं।
व्यायाम कब करें
व्यायाम का कोई निश्चित समय श्रेष्ठतर नहीं होता। इसके लिए सभी समय समान हैं। इतना ध्यान रखना चाहिए कि व्यायाम के समय पर पेट भरा हुआ न हो। हल्का नाश्ता करने के पश्चात सैर करना, तैरना इत्यादि समस्याओं को आमंत्रण देने के समान है। व्यायाम खाने के पहले या कम-से-कम 2 घंटे के बाद ही करें।
क्या प्राणायाम किया जा सकता है?
प्राणायम से हृदय पर कई फायदे हैं और इसे करने में कोई रोक-टोक नहीं है। किन्तु याद रखें कि प्राणायाम करने वाले मरीज के लिए भी ऊपर बताए गए व्यायामों से कोई भी एक करते रहना आवश्यक है। प्राणायाम इनकी जगह नहीं ले सकता।
डॉक्टर की सलाह जरूर लें
डॉक्टर की देखरेख में और सलाह से किया गया व्यायाम अत्यंत लाभदायक होता है। भविष्य में होने वाले कांप्लिकेशन से बचाव में सहायक है। ऐसे व्यक्ति जो भी हृदय रोगी या मधुमेही नहीं बने हैं उन्हें भी चाहिए कि नियमित व्यायाम करें ताकि इस श्रेणी में गिने जाने की नौबत ना आए।
|