-डॉ. ममता बड़जात्या
आधुनिक जीवनशैली ने हमें कई रोग दिए हैं। एड़ी का दर्द भी उनमें से एक है। इससे छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं। लेकिन सबसे अच्छा उपाय यह है कि आप अपना वजन कम करें। लगातार खड़े रहने से बचें। नियमित कसरत अवश्य करें। योगासनों से शरीर के जोड़ मुलायम एवं लचीले बने रहते हैं। व्यस्त समय में से कुछ समय अपने लिए भी निकालें।
इन दिनों अक्सर महिलाओं में और बड़ी उम्र के पुरुषों में एड़ियों में दर्द की शिकायत पाई जाती है। जब भी हम सुबह उठते हैं तो 8-10 कदम चलते ही नहीं बनता फिर धीरे-धीरे अपने आप दर्द कम हो जाता है।
आजकल हम समय व श्रम की बचत के लिए अपना पूरा काम खड़े-खड़े ही करना चाहते हैं। किचन में भी महिलाएँ सुबह 7 से 2 बजे तक लगातार खड़े होकर काम करती हैं। अतः शरीर का सारा भार हमारी एड़ियों पर पड़ता है। खिलाड़ियों में या जो बहुत ज्यादा जॉगिंग और जम्प करते हैं, कभी-कभी ऊबड़-खाबड़ जमीन पर चलने से या कभी कोई नुकीला छोटा पत्थर जूते या चप्पल के बावजूद चुभ जाता है तथा हमें उसका दर्द बाद में पता चलता है। पैरों में स्प्रेन से फ्रैक्चर के बाद भी एड़ियों में काफी समय तक दर्द बना रहता है या कभी पैर की हड्डी भी बढ़ जाती है, जिसे केल्केनियम स्पर कहते हैं। ऊँची एड़ियों की चप्पल व जूते या कड़क हील से एड़ी का दर्द बहुत ज्यादा सुनने में आता है। ऐसे में प्रभावित एड़ी भार नहीं उठा पाती और हम लंगड़ाकर चलने लगते हैं।
यदि ऐसा हो तो सबसे पहले गरम पानी में नमक डालकर सिंकाई करे। यदि इससे आराम न हो तो पहले आर्थोपेडिक डॉक्टर को दिखाएँ। उनकी दवाई लें। यदि कम फर्क पड़े तो फिजियोथेरेपिस्ट के यहाँ जाकर एड़ियों में अल्ट्रा साउंड व शार्ट वेव डायथर्मी या वेक्सबाथ करवाएँ तथा कुछ विशेष व्यायाम करें। इससे आपको अवश्य आराम होगा। साथ ही कुछ व्यायाम तथा जीवनशैली में परिवर्तन कर आप इस दर्द से मुक्ति पा सकते हैं।
* यदि आपका वजन ज्यादा है तो कम करने की कोशिश करें। * संतुलित भोजन- अपने भोजन में हरी सब्जियाँ, सलाद व दूध-दही का समावेश करें।* एक साथ खड़े होकर काम करते समय बीच में कभी बैठ जाएँ। कुछ काम स्टूल या कुर्सी पर बैठकर कर लें। * स्पंज की चप्पल पहनें। * कार्यप्रणाली को वैज्ञानिक तरीके से विभाजित कर लें, ताकि सारे काम का एक साथ आप पर भार न पड़े।
नियम से कुछ कसरत अवश्य कर लें
1. पंजा ऊपर-नीचे करें। 2. पंजा गोल घुमाएँ दोनों दिशा से। 3. एक-एक पैर सीधा उठाएँ। 4. एक पैर घुटने से मोड़ें व सीधा करें। 5. दोनों पैर मोड़ें व सीधे करें।
व्यायाम 10 से शुरू करें पर 20 से ज्यादा न बढ़ाएँ। रोज 1 नंबर ही बढ़ाएँ। कुछ समय बाद आपकी एड़ियों का दर्द धीरे-धीरे कम होता चला जाएगा।
|