मुख्य पृष्ठ  विविध  सेहत  जान है, जहान है
 
बहरेपन के लिए 'ब्रेन स्टेम इम्प्लांट'
बहरेपन से गंभीर रुप से ग्रस्त लोगों के उपचार के लिए अब नई ब्रेन स्टेम इम्प्लांट तकनीक आ गई है। जर्मनी में तीस मरीजों का तथा नीदरलैण्ड में एक मरीज का बहरापन इस तकनीक से दूर किया जा चुका है।

यह जानकारी नीदरलैण्ड के प्रसिद्ध नाक, कान, गला विशेषज्ञ डॉ. जेजे मैनी ने इसे दी। हेड एण्ड नेक सर्जन डॉ. मैनी ने बताया कि बहरेपन के कई कारण हैं। कई बार बच्चों में बहरेपन का दोष जन्मजात होता है। कई बार कुछ रोगों जैसे मस्तिष्क ज्वर, टायफाइड आदि में भी ऐसे दोष उत्पन्न हो जाते हैं। कई बार दिमाग की नस कमजोर होने पर भी यह समस्या पैदा हो सकती है।

इसे दूर करने के लिए श्रवण यंत्र लगाए जाते हैं लेकिन कई बार श्रवण यंत्र भी असफल साबित होते हैं क्योंकि दोष काफी गंभीर होता है। बहरेपन की कई श्रेणियाँ हैं जैसे मंद (माइल्ड) प्रकार का बहरापन, मध्यम प्रकार का ( मॉडरेट), तीव्र प्रकार का (सिविअर) तथा गंभीर (प्रोफाउण्ड)। विशेषकर प्रोफाउण्ड प्रकार के बहरेपन में श्रवण यंत्र भी कामयाब नही होते क्योंकि इसमें मस्तिष्क और अन्तःकर्ण के बीच तालमेल नहीं रह पाता है।

डॉ. मैनी ने बताया कि वर्तमान में ऐसे मरीजों में कॉक्लिअर इम्प्लांट किया जाता है। कॉक्लिया अंतःकर्ण का एक भाग है जो घुमावदार नली के रुप में होता है। इसका सम्पर्क भीतर मस्तिष्क से आने वाली नर्व से होता है। तीनों के बीच किसी भी स्तर पर तालमेल के गड़बड़ाने के कारण बहरेपन की समस्या उत्पन्न हो जाती है। हम इसका इलेक्ट्रॉनिक उपाय करते हैं यानी कृत्रिम कॉक्लिया को निरोपित कर देते हैं। यही है कॉक्लिअर इम्प्लांट।

आपने बताया कि कई बार इससे भी समस्या दूर नहीं होती क्योंकि बहरे व्यक्ति में मस्तिष्क के तने वाले भाग से ही सम्पर्क टूटा रहता है। ऐसी स्थिति में ब्रेन स्टेम इम्प्लांट ही एक मात्र समाधान है। डॉ. मैनी ने बताया कि यह तकनीक अभीतक प्रयोग के स्तर पर थी लेकिन अब इसका उपयोग प्रारंभ कर दिया गया है।

जर्मनी में तीस मरीजों पर इसका इस्तेमाल हो चुका है तथा नीदरलैण्ड में वे स्वयं एक मरीज में ब्रेन स्टेम इम्प्लांट कर चुके हैं। इस तकनीक के बारे में डॉ. मैनी ने बताया कि इसमें मस्तिष्क के तने वाले भाग की कोशिकाओं को इलेक्ट्रानिक उपाय द्वारा उत्तेजित कर दिया जाता है।नर्व से कॉक्लिया तक का सम्पर्क जीवंत हो जाता है तथा बहरापन दूर हो जाता है।
और भी
डिप्रेशन भगाएँ और मुस्कुराएँ
कैंसर से बचने के 13 उपाय
प्री-मेंस्च्युअल सिंड्रोम
कैंसरः संभव है इलाज
अनिद्रा के उपचार
नींद संबंधी उपचार