सामग्री : 500 ग्राम छुहारे, मावा 500 ग्राम, शक्कर 500 ग्राम, दूध 1 लीटर, हरी इलाइची का पावडर एक चाय का चम्मच, खस या गुलाब का एसेंस 4 बूँद, मैदा 250 ग्राम, खाने का सोडा एक चुटकी, घी 250 ग्राम, एक चुटकी नमक और थोड़ी-सी केसर। विधि : मैदे को छानकर एक चुटकी सोडा, थोड़ा-सा नमक और दो चम्मच घी का मोयन देकर कड़ा सान लें। छुहारे काटकर गुठली निकालकर दूध में भिगो दें। चार घंटे बाद सिल पर बारीक पीस लें। इसे कड़ाही में डालकर मावे के साथ भूनें। अच्छा भुन जाने पर नीचे उतारकर पिसी शक्कर, इलाइची पावडर, एसेंस और केसर डालकर चलाती रहें। मिश्रण जब भरने लायक गाढ़ा हो जाए, तब अलग रख दें। मैदे की छोटी-छोटी लोइयाँ बनाकर पूरी में छुहारे का मिश्रण भरकर गुझिया बना लें। सब गुझिया बन जाने पर कड़ाही में घी गर्म कर धीमी आँच पर गुझिया तलकर निकाल लें। भीतर से केशरिया स्वादिष्ट गुझिया तैयार हैं। |