सामग्री : रवा 500 ग्राम, 300 ग्राम घी, चीनी 500 ग्राम, 100 मि.ली. दूध, पानी 2 ग्लास, खोपरा 50 ग्राम, 10 बादाम, पाव चम्मच मीठा पीला रंग, पाव चम्मच इलायची पावडर।
विधि : रवे को एक थाली में छान लें व एक चौड़े मुँह के बर्तन में दूध को निकाल लें व दूध को बाएँ हाथ के चुल्लू में लेकर थाली में पहले से निकाले गए रवे पर छींटे डालें व दाएँ हाथ से रवे को गोल-गोल घुमाएँ तो आप देखेंगी कि रवे में बूँदी नजर आने लगेगी।
फिर आप आटा छानने वाली छलनी से सब रवे को छानकर बूँदी को अलग कर लें। बूँदी को एक थाली में फैलाती जाएँ। छाने हुए रवे पर फिर से दूध के छींटे डालकर बूँदी बनाएँ। इसी तरह से पूरे रवे की बूँदी बनाकर थाली में फैलाकर सुखा लें। यह 4 से 6 घंटे में सूख जाएगी। अब आप एक पतीली में 2 ग्लास पानी व 500 ग्राम शक्कर को मिलाकर (गुलाब जामुन) की चाशनी की तरह चाशनी बनाएँ। जब चाशनी बन जाए तो उतारकर इलायची पावडर डाल दें। चाशनी ठंडी होने के लिए रख दें। खोपरा व बादाम भी कतरकर चाशनी में डाल दें।
अब एक कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच घी डालें व धीमी आँच पर गर्म होने दें। घी के गर्म होने पर 3 मुट्ठी भर बूँदी उसमें डालकर ब्राउन होने तक तलें। बूँदी के ब्राउन हो जाने पर उसे गरम-गरम ही चाशनी में डाल दें। इसी तरह पूरी बूँदी को तलें। जब सब बूँदी को तल कर चाशनी में डाल दें तो उसे ठंडा होने के लिए रख दें। अब सर्व करें।
नोट : - बूँदी को सुखाना बहुत जरूरी है। अगर गीली रह गई तो तलने पर बिखर जाएगी। यह मिठाई 10-15 रोज तक खराब नहीं होती है।
|