शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. Kailash Vijayvargiya wants to contest against Digvijay Singh in Bhopal
Written By विकास सिंह
Last Updated :भोपाल , रविवार, 24 मार्च 2019 (16:12 IST)

दिग्विजय सिंह के खिलाफ कैलाश विजयवर्गीय ने चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, शिवराज ने बताया बंटाढार रिटर्न

दिग्विजय सिंह के खिलाफ कैलाश विजयवर्गीय ने चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, शिवराज ने बताया बंटाढार रिटर्न - Kailash Vijayvargiya wants to contest against Digvijay Singh in Bhopal
भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद अब बीजेपी नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं। बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय के खिलाफ भोपाल से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
 
कैलाश विजयवर्गीय का कहना है दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने में मजा आएगा। इंदौर में एक कार्यक्रम में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दिग्विजय सिंह के खिलाफ कोई भी चुनाव लड़ें, दिग्विजय सिंह को चुनाव हारना है, दिग्विजय कमलनाथ और सिंधिया के षंडयंत्र में फंस गए हैं और परिणाम सबको मालूम है कि वो चुनाव हराने वाले है इसलिए मेरी सहानुभूति उनके साथ है।
 
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दिग्विजय सिंह जो हमेशा दूसरों को फंसाने वाले थे आज खुद फंस गए है, दिग्विजय खुद राजगढ़ से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन कमलनाथ ने उनको भोपाल में फंसा दिया है। वहीं कैलाश ने कहा कि पार्टी उनको जहां से कहेगी वहां से वो चुनाव लड़ने के तैयार है और दिग्विजय सिंह के समाने चुनाव लड़ने में मजा आएगा।
 
शिवराज ने बताया बंटाधार रिटर्न – कांग्रेस ने भले ही भोपाल में बीजेपी के गढ़ को भेदने के लिए दिग्विजय सिंह को मैदान में उतार दिया हो लेकिन मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिग्विजय को कोई चुनौती नहीं मानते हैं, इसके साथ ही शिवराज दिग्विजय के भोपाल से चुनाव लड़ने को बंटाधार रिटर्न बताते हैं।
 
शिवराज ने कहा कि बीजेपी एक बार फिर भोपाल सीट जीतेगी। वहीं दिग्विजय के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर शिवराज ने कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी, पार्टी सोच समझकर भोपाल सीट से उम्मीदवार उतारेगी। शिवराज ने कहा कि बीजेपी भोपाल सहित सभी 29 सीटें जीतेगी।