शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. unique festival in Europe
Written By
Last Modified: गुरुवार, 5 मई 2016 (12:07 IST)

यूरोप के अनोखे त्योहार

यूरोप के अनोखे त्योहार - unique festival in Europe
मई महीने के स्वागत में 30 अप्रैल की रात जर्मनी भर में नृत्य समारोह होते हैं, लेकिन ये रात इसलिए भी मशहूर है कि हार्त्स इलाके में लोग डायनों की रात का त्योहार मनाते हैं। यूरोप के कुछ निराले फेस्टिवल्स पर डालिए नजर...

प्रतिकात्मक फोटो
जर्मनी: वालपुर्गा नाइट : सातवीं सदी में इंग्लैंड से जर्मनी आईं सेंट वालपुर्गा की याद में जर्मनी के हार्त्स इलाके में सत्रहवीं सदी के मध्य से डायन की रात आयोजित होती है। डायन जैसा डरावना रूप धारण किए महिलाएं वालपुर्गा की याद में नाचती थीं। दुनिया भर से आए लोग हार्त्स की पहाड़ियों में 30 अप्रैल की रात को डायनों को नाचते-गाते देखने पहुंचते हैं।
 
स्पेन: ला टोमाटिना : कई टन टमाटर हथियार बनते हैं और केवल एक घंटे में इनकी बौझार की जाती है। इस साल 31 अगस्त को मनाए जाने वाले इस त्योहार के लिए एक बार फिर दुनिया भर से युवा पर्यटक दक्षिण स्पेन के बुन्याल पहुंचेंगे। इसे मनाने की भी एक तमीज होती है। जैसे कि किसी पर टमाटर से निशाना साधने से पहले उसे अपने हाथ में थोड़ा निचोड़ लेना जिससे लोगों को ज्यादा चोट ना लगे।
 
फिनलैंड: एयर गिटार विश्व चैंपियनशिप : फिनलैंड के ओउलुलु में मनाए जाने वाले इस खास संगीत महोत्सव में हर कलाकार निर्णायक दल के सामने बारी बारी से प्रदर्शन करता है। फर्क बस इतना है कि 1996 से हो रहे इस महोत्सव में कलाकारों को एक मिनट तक हवा में अपनी काल्पनिक गिटार बजानी होती है। हवा में उनकी अंगुलियों की हरकत, कॉस्ट्यूम और स्टेज पर प्रदर्शन के आधार पर जूरी बेस्ट परफॉर्मर का चुनाव करती है।
 
फ्रांस: ला फेट दू सित्रों : इसका शाब्दिक अर्थ हुआ- सिट्रस फल हमेशा सलामत रहें। हर साल फरवरी में फ्रांस के मॉन्तों में 100 टन से भी अधिक खट्टे सिट्रस फलों का इस्तेमाल कर विशालकाय शिल्प गढ़े जाते हैं। रविवार को इनसे सजी झांकियां निकाली जाती हैं। 1929 से चले आ रहे इस त्योहार के लिए मॉन्तों खास है क्योंकि उस जमाने में यह शहर सिट्रस फलों का यूरोप में सबसे बड़ा उत्पादक होता था।
 
इंग्लैंड: चीज रोलिंग : इंग्लिश काउंटी ग्लूचेस्टरशर में कूपर पहाड़ी से चीज का पहिया बना कर लुढ़काया जाता है और लोग उसके पीछे भागते हैं। इसे पकड़ना बहुत मुश्किल होता है और ज्यादातर कोई इसे छू भी नहीं पाता। चीज के पहिए की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक हो सकती है। जो भी प्रतियोगी चीज के पीछे पहाड़ी की तलहटी पर सबसे पहले पहुंचता है, वही उस चीज का हकदार होता है।
 
जर्मनी: हैंडबैग फेंको : इस प्रतियोगिता में अपने हैंडबैग को जो जितनी ज्यादा दूरी तक फेंक पाने में कामयाब हो वही विजेता बनता है रूअर इलाके के बोट्रोप शहर में इसकी बाकायदा एक विश्व चैंपियनशिप होती है। बैग फेंकने के लिए चार में से एक तरीके का इस्तेमाल संभव है। तय दूरी के अलावा विजेता का फैसला उसके फेंकने की तकनीक, चेहरे के हावभाव, शरीर की मुद्राओं, मेकअप और जूतों के आधार पर भी होता है।
 
इटली: संतरों की लड़ाई : हर साल फरवरी में उत्तरी इटली के शहर इवरिया में होने वाली ये सांकेतिक लड़ाई मध्ययुग की ऐतिहासिक क्रांति की याद में होती है। तीन दिनों तक सभी टीमें अपने बेड़ों से दर्शकों पर संतरे फेंका करती हैं। दर्शक इसमें हिस्सा भी ले सकते हैं लेकिन इस कार्निवाल के अंत में कई बार लोग टूटी नाक और खरोचों से ढके दिखाई देते हैं।
ये भी पढ़ें
वीडियो: सेक्स के लिए हां या ना जान लें!