गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Viruska, Virat Kohli, Anushka Sharma, marriage
Written By
Last Modified: मंगलवार, 12 दिसंबर 2017 (22:32 IST)

पाकिस्तान सहित दुनियाभर से 'विरुष्का' को बधाई

पाकिस्तान सहित दुनियाभर से 'विरुष्का' को बधाई - Viruska, Virat Kohli, Anushka Sharma, marriage
नई दिल्ली। चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान समेत कई देशों के क्रिकेट खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्र की हस्तियों ने भारतीय कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को शादी की बधाई दी है। विराट और अनुष्का शर्मा दोनों सोमवार रात इटली में शादी के बंधन में बंध गए थे।

शादी के समारोह में दोनों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए। मुंबई में 26 दिसंबर को अब दोनों की शादी की रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी, जहां टीम इंडिया के खिलाड़ियों और बॉलीवुड सितारों के शिरकत करने की उम्मीद है। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने सोमवार को शादी की खबर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा, 'आज हमने एक-दूसरे से हमेशा के लिए प्यार के बंधन में बंधने का वादा किया। हम इस खबर को आप लोगों के साथ साझा करते हैं। यह खूबसूरत दिन हमारे प्रशंसकों और शुभचिंतकों के परिजनों के प्यार तथा सहयोग से और विशेष हो जाएगा। हमारी यात्रा के महत्वूपर्ण हिस्सा होने के लिए धन्यवाद।'

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दोनों को शादी की शुभकामनाएं दीं है। इसके अलावा मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बधाई देते हुए लिखा, 'विरुष्का' (विराट और अनुष्का के नाम का मिश्रण) एक साथ अद्भुत दिखते हैं।' हरभजन सिंह ने लिखा, 'जुग-जुग जिए यह खूबसूरत जोड़ी..रब हमेशा खुश रखे।' विराट को इंग्लैंड की उस महिला क्रिकेटर ने भी बधाई दी है, जिन्होंने कभी विराट को शादी का प्रस्ताव दिया था।

इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम की डेनियल वेट ने लगभग तीन साल पहले विराट को शादी का प्रस्ताव दिया था। लेकिन अब उन्होंने शादी की बधाई दी है। वेट ने ट्विटर पर लिखा, 'विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बधाई।' टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने ट्वीट कर कहा," आप दोनों को बधाई। आप बहुत प्यारे और खुश लग रहे हो। आप दोनों को पूरी दुनिया की खुशी मिले।'

इसके अलावा पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर, कोच अजहर महमूद और पहलवान गीता फोगाट ने विराट और अनुष्का को शादी की बधाई दी। अनुष्का शर्मा की पदार्पण फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' में साथी कलाकार शाहरुख खान ने ट्वीट कर कहा, 'अब ये हुई वास्तविक रब ने बना दी जोड़ी। अनुष्का और विराट को मेरा प्यार। ईश्वर आपको जीवन भर खुश और स्वस्थ रखे।'

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, 'जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दिन के लिए बधाइयां और शुभकामनाएं। सदा खुश और साथ रहो।' बॉलीवुड के 'शॉटगन' शत्रुघ्न सिन्हा ने विराट अनुष्का को बधाई देते हुए कहा कि दोनों की जोड़ी बहुत सुयोग्य है और वे एक-दूसरे के लिए बने हैं। उन्हें बधाई हो और ईश्वर उन्हें हमेशा खुश रखे।

विराट को पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने ट्वीट किया, 'विराट और अनुष्का को शादी की बधाइयां। ईश्वर आप दोनों को खुश रखे।' पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा कि विराट और अनुष्का को जिन्दगी की नई पारी के लिए शुभकामनाएं। क्रिकेटर शिखर धवन, अभिनेत्री श्रीदेवी बोनी कपूर, शाहिद कपूर आदि ने भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को शादी की बधाइयां दी। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मेरे नाम से डरता है बीसीसीआई : ललित मोदी