शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Srilanka, tour, India, Spin bowlers, momentous
Written By
Last Modified: बुधवार, 29 जुलाई 2015 (18:49 IST)

श्रीलंका दौरे में अहम होंगे भारतीय स्पिनर

श्रीलंका दौरे में अहम होंगे भारतीय स्पिनर - Srilanka, tour, India, Spin bowlers, momentous
चेन्नई। भारतीय क्रिकेट टीम युवा कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में अगले महीने श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी और उम्मीद है कि 30 वर्ष से अधिक आयु के दो अनुभवी स्पिनरों की मौजूदगी पड़ोसी मुल्क में टीम इंडिया के लिए अहम साबित होगी।
महेंद्र सिंह धोनी के बाद टेस्ट कप्तान बने विराट के लिए यह पहली संपूर्ण सीरीज है जिसमें श्रीलंका के खिलाफ भारत तीन टेस्ट खेलेगा। चार वर्ष बाद टीम में वापसी कर रहे लेग स्पिनर अमित मिश्रा और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह दोनों ही 30 वर्ष से अधिक आयु के हैं जबकि स्पिन विभाग में रविचंद्रन अश्विन भी अहम भूमिका में होंगे।
 
लंबे अर्से बाद टीम में शामिल किए गए मिश्रा के लिए यह दौरा बनाने या बिगाड़ने वाला साबित हो सकता है। 32 वर्षीय मिश्रा भारत ए में खेल रहे हैं और उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा है।
 
हालांकि युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मिश्रा के लिए इस दौरे में अपनी छाप छोड़ना अहम होगा। पूर्व क्रिकेटर दिलिप जोशी ने 32 वर्ष की आयु में भारतीय टीम में पदार्पण किया था लेकिन फिर उन्होंने टेस्ट में 100 विकेट लेने की उपलब्धि अपने नाम की थी।
 
ऐसे में मिश्रा के लिए भी श्रीलंका में दमदार प्रदर्शन करना बेहद जरूरी होगा। यदि तेज गेंदबाजों की तरह विराट स्पिन में भी दो गेंदबाजों की जोड़ी उतारते हैं तो मिश्रा और हरभजन की भूमिका अहम साबित हो सकती है।
 
श्रीलंकाई बल्लेबाज कुमार संगकारा अपने करियर के आखिरी मुकाबलों में निश्चित ही  दमदार प्रदर्शन से विदा लेना चाहेंगे और ऐसे में गेंदबाजों के लिए काम मुश्किल हो सकता है। 
 
संगकारा सीरीज के शुरूआती दो टेस्टों के बाद संन्यास लेंगे। इस वर्ष विश्वकप में लगातार चार शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले श्रीलंकाई दिग्गज खिलाड़ी के सामने अनुभवी हरभजन और मिश्रा को अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।
 
हालांकि संगकारा के लिए यह विदाई मुकाबला भावुक करने वाला क्षण होगा और संभव है कि गेंदबाजों का काम इससे कुछ आसान हो जाए।
        
लेकिन श्रीलंका को उसी के घरेलू मैदान पर चित करना विराट सेना के लिए कोई आसान काम नहीं होगा। लेग स्पिनर मिश्रा को कर्ण शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया है। भारतीय चयनकर्ता प्रमुख संदीप पाटिल ने मिश्रा को टीम में शामिल करते हुए कहा था कि मिश्रा श्रीलंकाई परिस्थितियों के अनुसार फिट बैठते हैं।
 
ऐसे में उनके लिए खुद को साबित करना भी अपने आप में चुनौती ही है। मिश्रा ने कहा था कि वह सही दिशा में सुधार कर रहे हैं और श्रीलंका में गेंदबाजी करने की चुनौती को लेकर उत्साहित हैं।(वार्ता)