मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma
Written By
Last Updated :कोलकाता , गुरुवार, 13 नवंबर 2014 (18:25 IST)

रोहित शर्मा (264 रन) का वनडे में नया विश्व रिकॉर्ड

रोहित शर्मा (264 रन) का वनडे में नया विश्व रिकॉर्ड - Rohit Sharma
कोलकाता। रोहित शर्मा ने आज यहां क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ते हुए 264 रन की पारी खेलकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के साथ ही कई अन्य रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। 
चोट से उबरने के बाद वापसी करने वाले रोहित ने ईडन गार्डन्स के 150 वर्ष पूरे करने का जश्न कीर्तिमान भरी पारी खेलकर मनाया। वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 250 से अधिक स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह वनडे में दो दोहरे शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। 
 
रोहित ने अपनी इस पारी के दौरान 209 रन के अपने पिछले व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर को पीछे छोड़ने के अलावा वीरेंद्र सहवाग के वनडे में सबसे बड़ी पारी के 219 रन के पिछले रिकॉर्ड को भी ध्वस्त किया। सहवाग ने आठ दिसंबर 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में रिकॉर्ड पारी खेली थी। 
 
रोहित ने पिछले साल ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो नवंबर 2013 को बेंगलुरु में 209 रन बनाए थे। वनडे में चार दोहरे शतक लगे हैं और ये चारों भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए हैं। 
 
रोहित और सहवाग से पहले सचिन तेंदुलकर ने 24 फरवरी 2010 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में नाबाद 200 रन की पारी खेली थी। 
 
रोहित ने अपनी पारी में 33 चौके लगाएजो एकदिवसीय मैचों में नया रिकॉर्ड है। इससे पहले का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से तेंदुलकर और सहवाग के नाम पर था। इन दोनों ने जब दोहरे शतक लगाएथे तब उसमें 25.25 चौके शामिल थे।

बहरहाल वह भारत की तरफ से लिस्ट ए में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम पर करने में सफल रहे। उन्होंने अपने साथी शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 12 अगस्त 2013 को भारत ए की तरफ से दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ प्रिटोरिया में 248 रन बनाए थे। लिस्ट ए में अब दूसरा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रोहित के नाम पर दर्ज है। 
 
रोहित ने अपनी पारी के दौरान 173 गेंदों का सामना किया। यह 50 ओवरों के मैच में सबसे अधिक गेंदों का सामना करने का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले कनाडा के आशीष बगई ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 2007 में 172 गेंदें खेली थी। इनके बाद डेविड बून का नंबर आता है, जिन्होंने 1991 में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भारत के खिलाफ 168 गेंदों का सामना किया था। 
 
रोहित ने अपनी पारी में 33 चौके और नौ छक्के लगाए और इस तरह से कुल 186 रन केवल बाउंड्री से बनाए जो नया रिकॉर्ड है। उन्होंने आस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2011 में ढाका में अपनी नाबाद 185 रन की पारी के दौरान 150 रन चौकों और छक्कों से बनाए थे। 
 
सहवाग के बाद रोहित भारत के पहले ऐसे सलामी बल्लेबाज भी बन गए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 250 से अधिक का स्कोर बनाया। सहवाग ने हालांकि यह कारनामा टेस्ट मैचों में दिखाया है। अपनी रिकॉर्ड भरी पारी के दौरान रोहित शुरू में धीमा खेले। उन्होंने अपने शुरूआती 50 रन केवल 72 गेंद में बनाए लेकिन इसके बाद अगले 50 रन वह 28 गेंदों में बना गए। 
 
रोहित ने कहा, ‘एक बार जब मैंने अर्धशतक पूरा कर दिया तो बड़ा स्कोर बनाने की ठान ली। मेरे लिए यह बहुत भाग्यशाली मैदान है। मैंने इसी मैदान पर टेस्ट पदार्पण पर शतक लगाया था। दर्शक शुरू से मेरा हौसला बढ़ा रहे थे।’ 
 
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 100 से 150 रन तक पहुंचने के लिए 25 और 150 से 200 रन तक पहुंचने के लिए 26 गेंद खेली लेकिन इसके बाद वह श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हावी हो गए। रोहित ने 200 से 250 रन तक पहुंचने के लिए 15 गेंद खेली। 
 
उन्होंने 152.60 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस पारी के दौरान भाग्य ने भी रोहित का साथ दिया। जब वह चार रन पर थे तब शमिंडा इरांगा की गेंद पर थर्ड मैन पर खड़े तिसारा परेरा ने उनका आसान कैच छोड़ा था। (भाषा)