शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rahul Dravid
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 1 दिसंबर 2015 (19:54 IST)

सबसे मुश्किल रहा मैकग्रा, मुरली का सामना करना : द्रविड़

सबसे मुश्किल रहा मैकग्रा, मुरली का सामना करना : द्रविड़ - Rahul Dravid
नई दिल्ली। पूर्व कप्तान और तकनीक के लिहाज से भारत के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक राहुल द्रविड़ ने मंगलवार को कहा कि अपने चमकदार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के दौरान उन्हें ग्लेन मैकग्रा और मुथया मुरलीधरन को खेलने में सबसे अधिक परेशानी हुई।
अपनी बेदाग तकनीक के कारण ‘दीवार’ उपनाम पाने वाले द्रविड़ ने 16 साल के करियर में 13,000 से अधिक टेस्ट रन और 10,889 वनडे रन बनाए। द्रविड़ ने प्रशंसकों से सोशल नेटवर्किंग साइट 'फेसबुक' पर बातचीत के दौरान कहा, जहां तक तेज गेंदबाजों का सवाल है तो मैंने जिनका सामना किया, उनमें ग्लेन मैकग्रा को खेलना सबसे मुश्किल था। 
 
उन्‍होंने कहा, मैंने उनका तब सामना किया, जब वे अपने करियर के चरम पर थे और वे सच में महान गेंदबाज थे। जब वे बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हों, तब अपने ऑफ स्टंप का अनुमान लगाना बहुत मुश्किल होता था। 
 
भारतीय जूनियर टीम के कोच द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के बारे में कहा, वे केवल ऑफ स्टंप पर आपको चुनौती पेश करते थे, आपकी परीक्षा लेते थे। वे चाहें अपना पहला, दूसरा या 25वां ओवर कर रहे हों, वे बेहद आक्रामक गेंदबाज थे। वे हमेशा आपको चुनौती देते थे। 
 
द्रविड़ का मानना है कि यदि स्पिनरों की बात की जाए तो श्रीलंका के मुरलीधरन का सामना करना मुश्किल होता था। उन्होंने कहा, स्पिनरों में, मैं जिनके खिलाफ खेला, उनमें मुथया मुरलीधरन सर्वश्रेष्ठ थे। मुरली बेहद कौशलपूर्ण गेंदबाज थे। 
 
द्रविड़ ने कहा, वे दोनों तरफ गेंद को स्पिन करा सकते हैं और वह भी कम नहीं बहुत ज्यादा है। उनकी गेंदों को समझना बहुत मुश्किल था। वे निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते थे और उनका अपने गेंदबाजों पर बहुत अच्छा नियंत्रण था। (भाषा)