शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni
Written By
Last Modified: रांची , मंगलवार, 7 जुलाई 2015 (22:51 IST)

धोनी के जन्मदिन पर रांची में केक कटा

धोनी के जन्मदिन पर रांची में केक कटा - Mahendra Singh Dhoni
रांची। भारत के एक दिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के 34 वर्ष का होने पर मंगलवार को यहां क्रिकेट प्रेमियों ने धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाया और उनके पसंदीदा सैलून में 34 पाउंड का केक काटा जबकि क्रिकेटिंग वंडर 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर ने उन्हें शुभकामना देते हुए हजारों साल जीने की कामना की।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने आज धोनी के जन्मदिन पर उन्हें ट्वीट कर शुभकामना दी और कहा, अ बिग हग एंड बेस्ट विशेस आन योर बर्थ डे (आप के जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं एवं आलिंगन) तुम जियो हजारों साल, साल के दिन हो हजार...।
 
दूसरी तरफ धोनी के गृहनगर रांची में क्रिकेटप्रेमियों ने बड़े धूमधाम से उनका जन्मदिन मनाया और उनके पसंदीदा सैलून में तो 34 पाउंड का जन्मदिन का केक भी काटा गया।
 
धोनी को ट्वीट कर शुभकामना देने वाले बड़े नामों में भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान अनिल कुंबले भी शामिल थे जिन्होंने कहा, जन्मदिन की शुभकामनाएं एमएस, यह वर्ष आपके लिए जबर्दस्त हो, ईश्वर आपका मंगल करें। 
 
रांची में धोनी के पसंदीदा ‘काया सैलून’ में आज झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी ने तमाम क्रिकेटप्रेमियों की उपस्थिति में केक काट कर धोनी का जन्मदिन मनाया। 
 
सैलून की मालकिन सृष्टि ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर न सिर्फ केक काटा गया बल्कि धोनी के स्पाइकी कट की दर्जनों लोगों ने आज हेयर कट उनके सैलून में करवाई।
 
उन्होंने बताया कि धोनी के आज 34 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ग्राहकों को 34 प्रतिशत की छूट दी गई जिससे क्रिकेटप्रेमियों में कटिंग के लिए और उत्साह था।
 
पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक और भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य सुरेश रैना ने भी धोनी को ट्वीट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
 
भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने के बाद यह दूसरा अवसर है जब धोनी अपना जन्मदिन रांची में घर के लोगों के साथ मना रहे हैं। धोनी के स्कूल क्रिकेट के प्रशिक्षक रहे चंचल भट्टाचार्य ने बताया कि एक जमाने में धोनी मात्र दो हजार रुपए स्टाइपेंड पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के लिए क्रिकेट खेलते थे। (भाषा)