शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Jhulan Goswami, Women's Cricket Team
Written By
Last Modified: बुधवार, 26 जुलाई 2017 (23:14 IST)

महिला क्रिकेट के लिए नई राह देख सकते हैं : झूलन

महिला क्रिकेट के लिए नई राह देख सकते हैं : झूलन - Jhulan Goswami, Women's Cricket Team
मुंबई। भारत की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का मानना है कि हाल में संपन्न महिला विश्व कप में उनकी टीम के यादगार अभियान से देश में महिला क्रिकेट के लिए नई राह तैयार होगी।
 
झूलन और टीम की उनकी साथियों का आज यहां स्वदेश लौटने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया और इस दौरान उन्हें इंग्लैंड में उप विजेता रहने के दौरान के अपने अनुभवों को याद किया।
 
भारत ने दबाव में आकर सिर्फ नौ रन से फाइनल और खिताब जीतने का मौका गंवा दिया लेकिन झूलन ने कहा कि उप विजेता बनना भी देश में महिला क्रिकेट के लिए बड़ी चीज है।
 
झूलन ने कहा, जब हम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं तो दबाव होता है। हम दूसरी बार फाइनल (2005 के बाद) में थे। 12 साल बाद मैचों का प्रसारण हो रहा था और सभी ने इन्हें देखा। यह महिला क्रिकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ चीज है। 
 
उन्होंने कहा, आईसीसी ने जिस तरह इस विश्व कप का आयोजन किया और महिला क्रिकेट का प्रचार किया। महिला क्रिकेट के लिए नई राह तैयार होगी और सभी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भारत की सबसे अनुभवी गेंदबाज झूलन ने तेज गेंदबाजों मानसी जोशी और शिखा पांडे की तारीफ भी की और उन्हें मैच विजेता करार दिया।
 
इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 86 रन की पारी खेलने वाली मुंबई की पूनम राउत ने कहा कि उन्होंने टूर्नामेंट के लिए अच्छी तैयारी की थी।
 
उन्होंने कहा, हमारे ऊपर दबाव था, हमने काफी तैयारी की थी। मैं पिछले दो साल से अभ्यास कर रही थी, पारी की शुरुआत कैसे करनी है, पावर प्ले में कैसे खेलना है। इंग्लैंड में विकेट अलग हैं और गेंद स्विंग करती है और फिर बारिश भी होती है। 
 
पूनम ने कहा, हमें इन हालात में खेलना पड़ा जो भारत से अलग थे। हमने इसी के मुताबिक तैयारी की। हम 10-12 दिन पहले पहुंचे और इससे हमें हालात से सामंजस्य बैठाने में मदद मिली। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
धवन का कैच छोड़ना महंगा पड़ा : गुरुसिंघा