शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. IPL auction 2017
Written By
Last Updated :बेंगलुरू , मंगलवार, 28 मार्च 2017 (18:08 IST)

आईपीएल नीलामी में पुणे ने बेन स्टोक्स को 14.5 करोड़ रुपए में खरीदा

आईपीएल नीलामी में पुणे ने बेन स्टोक्स को 14.5 करोड़ रुपए में खरीदा - IPL auction 2017
बेंगलुरु। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण की सोमवार को हुई नीलामी में 14.5 करोड़ रुपए की कीमत पाकर सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए तो वहीं पहली बार अफगानिस्तान के दो खिलाड़ियों ने लीग में अच्छी कीमत के साथ जगह बना ली। हालांकि भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को खरीददार ही नहीं मिला।
आईपीएल की सभी आठ फ्रेंचाइजी यहां पांच अप्रैल से शुरू होने जा रहे लीग के 10वें संस्करण की नीलामी में शामिल हुईं जिसमें इस बार 351 खिलाड़ी दांव पर रहे। इनमें 130 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे जिनमें इंग्लिश खिलाड़ी स्टोक्स को अपना दूसरा ही सत्र खेल रही राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने 14.5 करोड़ रुपए की भारी भरकम कीमत खर्च कर खरीद लिया। ऑलराउंडर स्टोक्स का बेस प्राइस दो करोड़ रुपए था।
        
उम्मीद के मुताबिक स्टोक्स के लिए सुबह के सत्र में मुंबई इंडियन्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भारी बोली लगाई। लेकिन अंतत: पुणे ने साढ़े 14 करोड़ रुपए की भारी कीमत देकर उन्हें खरीदा। अंत तक इंग्लिश ऑलराउंडर सर्वाधिक कीमत पाने वाले खिलाड़ी रहे। हालांकि बेंगलुरु ने उनके टीम साथी टाइमल मिल्स पर उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपए से कहीं अधिक खर्च कर 12 करोड़ रुपए में उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया।
         
फ्रेंचाइजियों ने इंग्लिश खिलाड़ियों पर उम्मीद के हिसाब से काफी खर्चा किया और ऑलराउंडर क्रिस वोक्स तीसरे इंग्लिश खिलाड़ी रहे जिन्हें अच्छी कीमत मिली। वोक्स को 4.2 करोड़ रुपए में कोलकाता नाइटराइडर्स ने खरीदा। 
 
भारतीय तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा दो करोड़ रुपए के बेस प्राइस के साथ महंगे खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और सुबह के सत्र में नहीं बिके ईशांत को नीलामी के बाकी सत्र में भी कोई खरीददार नहीं मिला। 
          
ईशांत के अलावा भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा, ऑलराउंडर इरफान पठान, प्रज्ञान ओझा, उन्मुक्त चंद, अभिनव मुकुंद, मयंक डागर, आर पी सिंह, अखिल हेरवदकर अन्य प्रमुख भारतीय खिलाड़ी रहे जिन्हें नीलामी में किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। हालांकि इस बीच कर्ण शर्मा को 3.2 करोड़ की संतोषजनक कीमत मिल गई।
        
कर्ण की बोली काफी रोमांचक रही जिसमें नीता अंबानी और उनके बेटे तथा टीम मेंटर श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने काफी गंभीरता से हिस्सा लिया और काफी माथापच्ची के बाद उन्हें 3.2 करोड़ रुपए खर्च कर सनराइजर्स हैदराबाद से अपनी टीम मुंबई इंडियन्स में शामिल कर लिया।
                
सुबह के सत्र में करीब 70 खिलाड़ियों को खरीदा गया, जिसमें इस बार अफगानिस्तान के दो खिलाड़ियों ने आईपीएल में खाता खोला। इनमें मोहम्मद नबी को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए और 18 साल के युवा गेंदबाज राशिद खान को हैदराबाद ने ही उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपए से कहीं अधिक चार करोड़ रुपए की भारी कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया जो काफी चौंकानेवाला रहा। 
         
नीलामी के अंतिम सत्र में मनोज तिवारी को पुणे ने उने बेस प्राइस 50 लाख रुपए पर जबकि कोलकाता ने डैरेन ब्रावो को उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपए की कीमत पर ही खरीद लिया। आस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर डैन क्रिस्टियन का पुणे ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ में खरीदा। वेस्टइंडीज के डैरेन सैमी को पंजाब ने 30 लाख रुपए पर खरीदा जो उनका बेस प्राइस था।
         
हालांकि दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर और आईसीसी की ट्वंटी 20 रैंकिंग में नंबर एक खिलाड़ी इमरान ताहिर को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा जो काफी अचरज भरा रहा। इमरान का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। वहीं ऑस्ट्रेलियाके तेज गेंदबाज नाथन काउल्टर नाइल को उनके बेस प्राइस एक करोड़ से अधिक 3.5 करोड़ रुपए में केकेआर ने खरीदा।
        
आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने नीलामी में अधिकतर विदेशी खिलाड़ियों पर पैसा लगाया जिसकी पहले से ही काफी उम्मीद की जा रही थी इनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टाइमल मिल्स पर 12 करोड़ रुपए खर्च कर डाले। मिल्स का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। कोलकाता नाइटराइडर्स ने तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को पांच करोड़ रुपए देकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
         
दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपनी टीम में दो गेंदबाजों कैगिसो रबाडा  और पैट्रिक कमिंस पर 9.5 करोड़ रुपए खर्च किए। रबाडा  का बेस प्राइस एक करोड़ रुपए था जिन्हें पांच करोड़ रुपए और पैट्रिक का बेस प्राइस दो करोड़ रुपए था जिनमें 4.5 करोड़ रुपए की अच्छी कीमत मिली।
                 
आईपीएल नीलामी में इस बार कुल खिलाड़ियों में 229 खिलाड़ी गैर अनुभवी थे। नीलामी में शामिल खिलाड़ियों के पूल में 62 बल्लेबाज, 117 गेंदबाज, 150 ऑलराउंडर्स और 30 विकेटकीपर थे। दो करोड़ रुपए के बेस प्राइस वाली सूची में बेन स्टोक्स, इयोन मोर्गन, एंजेलो मैथ्यूज, पैट्रिक कमिंस, मिशेल जानसन, ईशांत शर्मा और क्रिस वोक्स थे जबकि 15 अन्य रिजर्व खिलाड़ियों का बेस प्राइस एक से 1.5 करोड़ रुपए रखा गया था।
          
इंग्लैंड के इयोन मोर्गन को किंग्स इलेवन पंजाब ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपए, श्रीलंकाई खिलाड़ी एंजेलो मैथ्यूज को उनके बेस प्राइस दो करोड़ पर ही तथा कोरी एंडरसन को उनके बेस प्राइस एक करोड़ पर ही दिल्ली ने खरीद अपनी टीम में शामिल किया। क्रिस वोक्स को कोलकाता नाइटराइडर्स ने उनके बेस प्राइस से दोगुनी कीमत देकर 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा। 
         
मुंबई ने विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरण को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपए और ऑस्ट्रेलियाके पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन को उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपए में खरीदा है।  पिछले साल दिल्ली के हाथों 8.5 करोड़ रुपए में बिकने वाले ऑलराउंडर पवन नेगी को इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक करोड़ में ही अपने टीम में शामिल किया है। कर्ण सुबह की नीलामी में 3.2 करोड़ रुपए की सर्वाधिक कीमत पाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे।
                 
नेगी के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों में जयदेव उनादकट को पुणे सुपरजाएंट्स ने 30 लाख रुपए, रिषी धवन को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 55 लाख रुपए, प्रवीण तांबे को 10 लाख रुपए में हैदराबाद, मुरगन अश्विन को दिल्ली ने एक करोड़ रुपए, नाथू सिंह को 50 लाख रुपए में गुजरात, अंकित चौधरी को दो करोड़ रुपए में बेंगलुरु ने खरीदा।
                   
एकलव्य द्विवेदी को अपने 75 लाख रुपए की कीमत मिली और वह हैदराबाद का हिस्सा बने। आदित्य तारे को दिल्ली ने 25 लाख, राहुल तेवतिया को 25 लाख रुपए में पुणे , अंकित बवाने को दिल्ली ने 10 लाख रुपए में खरीदा।  कर्नाटक के ऑलराउंडर के गौतम को उनके बेस प्राइस 10 लाख रुपए से कहीं अधिक दो करोड़ रुपए खर्च कर लीग की सबसे अमीर टीम मुंबई ने खरीदा।
 
फ्रेंचाइजियों ने जहां कई नए चेहरों पर करोड़ों खर्चे वहीं अनुभवी और नामी खिलाड़ियों को कोई खरीददार नहीं मिला। नीलामी में खाली लौटे खिलाड़ियों में न्यूजीलैंड के अनुभवी खिलाड़ी मार्टिन गुप्टिल भी शामिल रहे। दोपहर की नीलामी में सबसे पहला नाम गुप्टिल का ही था। (वार्ता)