गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. IPL 9, Mumbai Indians, Kolkata Knight Riders, Rohit Sharma, Kieron Pollard
Written By
Last Modified: मुंबई , गुरुवार, 28 अप्रैल 2016 (23:56 IST)

रोहित-पोलार्ड ने कोलकाता के मुंह से छीनी जीत

रोहित-पोलार्ड ने कोलकाता के मुंह से छीनी जीत - IPL 9, Mumbai Indians, Kolkata Knight Riders, Rohit Sharma, Kieron Pollard
मुंबई। कप्तान रोहित शर्मा और कीरोन पोलार्ड के अर्धशतकों और दोनों के बीच तूफानी साझेदारी से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में गुरुवार को यहां कोलकाता नाइटराइडर्स को छह विकेट से हरा दिया।

पोलार्ड को जीत की बधाई देते हुए कप्‍तान रोहित शर्मा 
 
केकेआर ने कप्तान गौतम गंभीर (59) के अर्धशतक की बदौलत पांच विकेट पर 174 रन बनाए थे, जिसके जवाब में मुंबई इंडियन्स ने रोहित (नाबाद 68) और पोलार्ड (नाबाद 51) के बीच पांचवें विकेट के लिए पांच ओवर में 72 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 18 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। 
 
अंतिम ओवरों में खेल काफी रोमांचक हो गया था। मुंबई को जीत के लिए 16 गेंदों पर 16 रन की दरकार थी। किरोन पोलार्ड ने कोलकाता के जावेद उनाद के 18वें ओवर में ही खेल खत्म कर डाला। पोलार्ड ने इस ओवर में लगातार 2 छक्के जड़े। जब मुंबई को 13 गेंदों पर केवल 3 रन की जरूरत थी, तब ओवर की अंतिम गेंद पर पोलार्ड ने फिर छक्का जड़ डाला। 
 
पोलार्ड ने 17 गेंदों पें 2 छक्के और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए जबकि दूसरे छोर पर कप्तान रोहित शर्मा ने 49 गेंद का सामना करते हुए 8 चौके और 2 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 68 रन ठोंके। इससे पूर्व रोहित रोहित ने अंबाती रायुडू (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी भी की। 
 
इससे पहले ईडन गार्डन्स में 13 अप्रैल को दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में भी मुंबई ने छह विकेट से जीत दर्ज की थी। इस जीत के मुंबई के आठ मैचों में चार जीत से आठ अंक हो गए हैं जबकि केकेआर के छह मैचों में आठ अंक हैं। 
 
मुंबई ने इस तरह वानखेड़े स्टेडियम पर मौजूदा सत्र में अपने अभियान का अंत जीत के साथ किया। राज्य में जल संकट के कारण बंबई उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आईपीएल मैचों को महाराष्ट्र के बाहर स्थानांतरित किया गया है। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित ने उनादकट की दूसरी ही गेंद को स्क्वेयर लेग पर छक्के के लिए भेजा लेकिन पार्थिव पटेल (1) उमेश यादव की आफ साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में स्लिप में यूसुफ पठान को कैच दे बैठे।
 
रायुडू हालांकि साकिब पर छक्का जड़ने की कोशिश में लांग ऑन पर सूर्यकुमार यादव को कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का मारा। ऑफ स्पिनर सुनील नारायण (22 रन पर दो विकेट) ने कृणाल पंड्या (6) को बोल्ड करके मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 78 रन किया।
 
रोहित ने आंद्रे रसेल पर दो चौकों के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों सैकड़ा पूरा किया और फिर इसी ओवर में एक रन के साथ 36 गेंद में आईपीएल नौ का चौथा अर्धशतक जड़ा। नारायण की गेंद पर क्रिस लिन ने जोस बटलर (15) का लांग ऑफ पर शानदार कैच लपका। रोहित हालांकि एक छोर पर टिके रहे। 
 
रोहित ने रसेल जबकि पोलार्ड ने साकिब पर दो-दो चौके मारे। मुंबई को जीत के लिए अंतिम पांच ओवर में 49 रन की दरकार थी। पोलार्ड ने आर सतीश पर तीन छक्कों के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया और फिर उनादकट पर तीन छक्कों के साथ टीम को जीत दिलाई और 17 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। 
 
इससे पूर्व  रोहित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद गंभीर और रोबिन उथप्पा (36) की सलामी जोड़ी ने 69 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरूआत दिलाई।
 
गंभीर ने दूसरे ओवर में मिशेल मैकलेनाघन पर पारी का पहला चौका जड़ा लेकिन इसी ओवर में भाग्यशाली रहे जब इस तेज गेंदबाज ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया। गंभीर ने टिम साउथी पर दो चौके मारे जबकि उथप्पा ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का स्वागत छक्के के साथ किया। उथप्पा ने आफ स्पिनर हरभजन सिंह पर भी छक्का मारा। टीम ने पावर प्ले में 59 रन जोड़े।
 
उथप्पा हरभजन की फुलटॉस को लांग आन बाउंड्री पर कीरोन पोलार्ड के हाथों में खेलकर पैवेलियन लौटे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और दो छक्के मारे। हार्दिक पंड्या ने साकिब अल हसन (6) को विकेटकीपर पार्थिव के हाथों कैच कराके केकेआर को दूसरा झटका दिया।
 
गंभीर ने सूर्य कुमार यादव (21) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। सूर्य कुमार ने हरभजन पर दो चौकों के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया। गंभीर ने बायें हाथ के स्पिनर कृणाल की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर 39 गेंद में आईपीएल नौ का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया।
 
गंभीर ने मैकलेनाघन पर भी चौका मारा लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर मिड ऑफ पर पोलार्ड को कैच दे बैठे। गंभीर ने 45 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। सूर्य कुमार भी इसके बाद साउथी की गेंद को हवा में लहरा गए और इस तेज गेंदबाज ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की।
 
आंद्रे रसेल (16 गेंद में 22 रन) ने बुमराह पर तीन चौकों के साथ रन गति बढ़ाने की कोशिश की लेकिन साउथी ने उन्हें बोल्ड कर दिया। यूसुफ पठान (आठ गेंद में नाबाद 19) ने साउथी पर लगातार दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 18वें ओवर में 150 रन के पार पहुंचाया।
 
मैकलेनाघन के अगले ओवर में साउथी ने क्रिस लिन (नाबाद नौ) और पठान दोनों के कैच छोड़े। पठान ने ओवर में दो चौके मारे। मुंबई की ओर से साउथी सबसे सफल गेंदबाजी रहे जिन्होंने 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। (वेबदुनिया/भाषा)
ये भी पढ़ें
किरोन पोलार्ड की पारी रही निर्णायक : रोहित शर्मा