गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India Srilanka test
Written By
Last Updated :कोलंबो , शुक्रवार, 28 अगस्त 2015 (18:51 IST)

निर्णायक जंग के पहले दिन वर्षा की मार

निर्णायक जंग के पहले दिन वर्षा की मार - India Srilanka test
कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट की निर्णायक जंग के पहले दिन शुक्रवार को वर्षा की ऐसी मार पड़ी कि केवल 15 ओवर का खेल ही संभव हो पाया, जिसमें टीम इंडिया ने दो विकेट खोकर 50 रन बना लिए थे। 

दूसरे टेस्ट के शतकधारी दो भारतीय बल्लेबाज ओपनर लोकेश राहुल और तीसरे क्रम पर उतरने वाले अजिंक्य रहाणे इस बार सस्ते में निपट गए। राहुल दो रन ही बना सके और उन्हें धमिका प्रसाद ने बोल्ड किया। रहाणे ने आठ रन बनाये और उन्हें नुवान प्रदीप ने पगबाघा किया। भारत ने पहला विकेट दूसरी गेंद पर और दूसरा विकेट चौथे ओवर की चौथी गेंद पर गंवाया। 
        
सीरीज में पहली बार भारतीय टीम में जगह बनाने वाले चेतेश्वर पुजारा ओपनिंग में उतरे और उन्होंने कप्तान विराट कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिये 36 रन की अविजित साझेदारी की। स्टंप्स के समय पुजारा 42 गेंदों में दो चौकों की मदद से 19 रन बनाकर और विराट 34 गेंदों में दो चौकों के सहारे 14 रन बनाकर क्रीज पर थे। 
 
सीरीज में 1-1 की बराबरी हो जाने के बाद निर्णायक टेस्ट पर सभी की निगाहें लगी हुई थी लेकिन भारी वर्षा के कारण क्रिकेट प्रेमियों को निराश होना पड़ा। भारत ने विकेटकीपर नमन ओझा और श्रीलंका ने कुशल परेरा को अपना टेस्ट पदार्पण करने का मौका दिया। रिद्धिमान साहा के चोटिल होकर आखिरी टेस्ट से बाहर हो जाने के बाद ओझा को यह मौका मिला। 
           
श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। भारत को पहले ही ओवर में झटका लग गया, जब पहले टेस्ट में 108 रन बनाकर ‘मैन ऑफ द मैच’ बने राहुल तेज गेंदबाज प्रसाद की दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गए। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई और स्टंप्स में घुस गई।
         
राहुल ने अपने स्टंप्स कवर कर रखे थे लेकिन आखिरी क्षणों में उन्होंने यह सोचकर अपना बल्ला हवा में उठा दिया कि गेंद स्टंप्स से बाहर निकल जाएगी लेकिन गेंद सीम पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई और राहुल खुद को बोल्ड होता देखते रह गए।
         
भारत अभी इस झटके से संभल भी नहीं पाया था कि चौथे ओवर में प्रदीप की फुललेंथ गेंद पर रहाणे चूक गए और पगबाधा हो गए। रहाणे ने 13 गेंदों में आठ रन में दो चौके लगाए। भारत का दूसरा विकेट 14 के स्कोर पर गिरा। इस टेस्ट में अंतिम एकादश में शामिल किए गए पुजारा ने जज्बे के साथ बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों को हावी होने से रोक दिया। 
           
पुजारा को विराट का अच्छा साथ मिला और दोनों भारत के स्कोर को 50 रन तक ले गए लेकिन इसके बाद भारी वर्षा होने के कारण मैदान गीला हो गया और फिर खेल संभव नहीं हो पाया। अंपायरों ने चायकाल के समय के बाद दिन का खेल समाप्त घोषित करने का फैसला किया।
        
भारत के स्कोर में पांच पेनल्टी रनों का भी योगदान रहा जब आठवें ओवर में गेंद विकेटकीपर के पीछे रखे हेलमेट से टकरा गई। श्रीलंका की तरफ से प्रसाद ने 16 रन पर एक विकेट और प्रदीप ने 16 रन पर एक विकेट लिया। (वार्ता)