शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India Australia match
Written By
Last Modified: ब्रिसबेन , गुरुवार, 18 दिसंबर 2014 (14:47 IST)

भारत बड़ा स्कोर बनाने से चूका, मैच बराबरी पर

भारत बड़ा स्कोर बनाने से चूका, मैच बराबरी पर - India Australia match
ब्रिसबेन। निचले क्रम के विकेट जल्दी गंवाने के कारण भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने से चूक गई लेकिन उमेश यादव ने 3 विकेट जल्दी लेकर टीम को मैच में लौटा दिया।
 
अपने बुधवार के स्कोर 4 विकेट पर 311 रन से आगे खेलते हुए भारत ने आखिरी 6 विकेट 97 रन पर गंवा दिए। भारतीय टीम 109.4 ओवर में 408 रन पर आउट हो गई। टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले जोश हेजलवुड ने 68 रन देकर 5 विकेट लिए।
 
ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 52 ओवर में 4 विकेट 221 रन पर गंवा दिए। दूसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण समय से पहले खत्म करना पड़ा। मेजबान टीम अभी भी 187 रन पीछे है जबकि 3 दिन का खेल बाकी है।
 
कप्तान स्टीवन स्मिथ 88 गेंद में 65 रन बनाकर खेल रहे हैं जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल हैं, वहीं दूसरे छोर पर मिशेल मार्श ने 7 रन बना लिए हैं।
 
इससे पहले क्रिस रोजर्स ने 79 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 55 रन बनाए। उन्होंने यादव की गेंद पर विकेट के पीछे भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कैच थमाया। एडिलेड टेस्ट में नाकाम रहने के बाद रोजर्स पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव था। उन्होंने डेविड वार्नर के साथ पारी का आगाज किया। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले वार्नर ने 28 गेंद में 6 चौकों की मदद से 29 रन बनाए।
 
नई गेंद से ईशांत शर्मा और वरुण आरोन को विकेट नहीं मिले। वार्नर काफी आक्रामक खेल रहे थे लिहाजा 7वें ही ओवर में यादव को बदलाव के तौर पर लाना पड़ा। 
 
2 साल बाद पहला टेस्ट खेल रहे यादव ने न सिर्फ मैच की सबसे तेज गेंद फेंकी बल्कि खतरनाक दिख रहे वार्नर को भी आउट किया। वार्नर पूल शॉट खेलने के प्रयास में पहली स्लिप में आर. अश्विन को कैच दे बैठे।
 
इसके बाद शेन वॉटसन क्रीज पर आए जिन्होंने 29 गेंद में 25 रन बनाए। उन्होंने रोजर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। दोनों भारतीय तेज गेंदबाजों को आसानी से खेल रहे थे जिसे देखकर धोनी ने 18वें ओवर में स्पिन आक्रमण आजमाया। अश्विन ने दूसरे ही ओवर में विकेट लिया। उन्होंने वॉटसन को मिडऑन पर शिखर धवन के हाथों लपकवाया।
 
रोजर्स ने अपना 6ठा टेस्ट अर्धशतक 21वें ओवर में पूरा किया और ऑस्ट्रेलिया के 100 रन भी पूरे हो गए। उन्होंने स्मिथ के साथ 23 रन जोड़े लेकिन चाय से ठीक पहले अपना विकेट गंवा बैठे। यादव ने 47वें ओवर में शान मार्श को अपना तीसरा शिकार बनाया, जो 32 रन बनाकर अश्विन को कैच देकर आउट हुए।
 
यादव ने 13 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि अश्विन को 1 विकेट मिला। भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को कोई विकेट नहीं मिला जबकि उन्होंने 9 ओवरों में 47 रन दे डाले।
 
इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले हेजलवुड के 5 विकेटों की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पहली पारी में 408 रन पर आउट कर दिया। हेजलवुड ने 68 रन देकर 5 विकेट लिए जिनमें से 3 गुरुवार को सुबह के सत्र में मिले। भारत ने आखिरी 6 विकेट 97 रन के भीतर गंवा दिए और पूरी टीम 109.4 ओवर में आउट हो गई।
 
पहले दिन बुधवार को 7 ओवर कम फेंके जाने के बावजूद गुरुवार को खेल निर्धारित समय पर ही शुरू हुआ। अजिंक्य रहाणे (132 गेंद में 8 चौकों की मदद से 81 रन) और रोहित शर्मा (55 गेंद में 32 रन) ने आगे खेलना शुरू किया।
 
मिशेल मार्श को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया के सभी गेंदबाज मैदान पर थे और सुबह के सत्र में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया। हेजलवुड ने उम्दा लाइन और लैंग्थ से गेंदबाजी की और भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया। उसने सुबह तीनों विकेट आउट स्विंगर्स पर हासिल किए। सबसे पहले उसने तीसरे ही ओवर में रहाणे को आउट किया जिनका कैच विकेट के पीछे ब्राड हाडिन ने लपका।
 
रहाणे के जाने के बाद कप्तान धोनी क्रीज पर आए। धोनी ने 53 गेंद में 4 चौकों की मदद से 33 रन बनाए। वॉटसन ने 92वें ओवर में रोहित को आउट किया। बाहर जाती गेंद से छेड़खानी के प्रयास में वे दूसरी स्लिप में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्मिथ को कैच दे बैठे।
 
अश्विन ने धोनी के साथ 7वें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। दोनों ने 50 रन की साझेदारी 54 गेंद में पूरी की। भारत के 350 रन 96वें ओवर में पूरे हुए। हेजलवुड ने इस साझेदारी को तोड़ा, जब अश्विन पहली स्लिप में वॉटसन को कैच देकर लौटे।
 
2 ओवर बाद हेजलवुड ने धोनी को विकेट के पीछे हाडिन के हाथों लपकवाया। भारत के 400 रन 107वें ओवर में पूरे हुए। नाथन लियोन ने पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करके भारतीय पारी का अंत किया। (भाषा)