गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Ashes Test Captain Steve Smith
Written By
Last Modified: पर्थ , शनिवार, 16 दिसंबर 2017 (17:59 IST)

स्मिथ और मार्श ने तीसरे टेस्ट पर शिकंजा कसा

स्मिथ और मार्श ने तीसरे टेस्ट पर शिकंजा कसा - Ashes Test Captain Steve Smith
पर्थ। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ और मिशेल मार्श ने इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण को धता बताते हुए तीसरे एशेज टेस्ट के तीसरे दिन पूरी तरह से मेजबान का शिकंजा कस दिया और अब बारिश ही इंग्लैंड टीम की एशेज बरकरार रखने की उम्मीदों को बचा सकती है।
 
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में 4 विकेट पर 549 रन बना लिए थे। स्मिथ 229 और मार्श 181 रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पास 146 रन की बढ़त है और उसके छ: विकेट बाकी हैं। ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला में 2-0 से आगे है और मौजूदा श्रृंखला में बने रहने के लिए इंग्लैंड को यह मैच हर हालत में जीतना होगा। चौथे दिन कल भारी बारिश की संभावना है लेकिन यह दोपहर के बाद ही होगी जिससे ड्रॉ की उम्मीद कम हो गई है।
 
इंग्लैंड की टीम पूरे दिन एक ही विकेट ले सकी जबकि 346 रन बने। स्मिथ ने अपना दोहरा टेस्ट शतक पूरा करते हुए सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन पूरे कर लिए जबकि मार्श ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए अपने घरेलू मैदान पर पहला टेस्ट शतक जड़ा। स्मिथ और मार्श ने पांचवें विकेट की नाबाद साझेदारी में 301 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वाका पर यह सबसे बड़ी साझेदारी है।
 
अपने कल के स्कोर 92 रन से आगे खेलते हुए स्मिथ ने 22वां टेस्ट शतक 138 गेंद में पूरा किया। यह उनका सबसे तेज टेस्ट शतक था। इसके साथ ही 107वें टेस्ट में 22वां शतक बनाकर वे सबसे तेजी से इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे बल्लेबाज हो गए। डॉन ब्रैडमेन (58 पारियां) और सुनील गावस्कर (101 पारियां) ने ही उनसे जल्दी 22 टेस्ट शतक बनाए हैं।
 
स्मिथ ने दोहरा शतक 301 गेंदों में पूरा किया जिसमें 26 चौके और एक छक्का शामिल था। वे अभी तक 390 गेंदों का सामना करके अपनी मैराथन पारी में 28 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। मार्श ने अपना शतक 130 गेंद में पूरा किया। उन्होंने 234 गेंद की अपनी पारी में 29 चौके लगाए। (भाषा)
ये भी पढ़ें
अनुरा रोहाना ने टाटा ओपन में बढ़त बनाई