शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Strike in Bank
Written By
Last Modified: वडोदरा , शनिवार, 20 दिसंबर 2014 (19:42 IST)

बैंक कर्मचारी जनवरी में करेंगे बार-बार हड़ताल

बैंक कर्मचारी जनवरी में करेंगे बार-बार हड़ताल - Strike in Bank
वडोदरा। बैंक कर्मचारी संगठनों ने वेतन वृद्धि की अपनी मांग को लेकर दबाव बढ़ाने के लिए अगले महीने कई दिन हड़ताल करने का निर्णय किया है। संगठनों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे 16 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। 
 
आल इंडिया बैंक एंप्लाइज एसोसिएशन (एआईबीईए) के महासचिव सीएच वेंकटचलम ने शनिवार को कहा कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की 17 दिसंबर को हुई बैठक में इस आशय का निर्णय किया गया। उन्होंने कहा कि यूएफबीयू ने सात जनवरी से हड़ताल का कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय किया है।
 
वेंकटचलम ने कहा कि सात जनवरी को एक दिन की हड़ताल होगी। उसके बाद 21 से 24 जनवरी तक निरंतर हड़ताल रहेगी यदि फिर भी उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो 16 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।
 
उन्होंने कहा कि बैठक में यूएफबीयू ने वेतन वृद्धि की मांग पर भारतीय बैंक संघ (बैंक प्रबंधनों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन) के ‘लापरवाह रुख’ पर असंतोष जताया।
 
एआईबीईए से 5 लाख कर्मचारी जुड़े हुए हैं और यह यूएफबीयू का बड़ा घटक है। यूएफबीयू नौ बैंक कर्मचारियों तथा अधिकारियों के संगठनों का संयुक्त मंच है। वेतन वृद्धि नवंबर 2012 से लंबित है। पिछली बार 12 नवंबर को बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल की थी और उसके बाद इस महीने की शुरुआत में क्षेत्रवार क्रमिक हड़ताल की गई।
 
कर्मचारी यूनियन ने अपनी वेतनवृद्धि को मांग को पहले के 25 प्रतिशत से घटाकर 23 प्रतिशत कर दिया है, जबकि आईबीए केवल 11 प्रतिशत वृद्धि को तैयार है। (भाषा)