गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. kashmir flood
Written By
Last Updated :जम्मू , शनिवार, 20 सितम्बर 2014 (19:07 IST)

कश्मीर में बाढ़ से 1,000 करोड़ का सेब बर्बाद

कश्मीर में बाढ़ से 1,000 करोड़ का सेब बर्बाद - kashmir flood
जम्मू। कश्मीर में आई पिछले कई दशकों की भयानक बाढ़ से राज्य का बागवानी उद्योग ढहने की कगार पर पहुंच गया है। बाढ़ से राज्य में 1,000 करोड़ की सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। एक उद्योग मंडल के आकलन में यह निष्कर्ष सामने आया है।

उद्योग मंडल एसोचैम की फसल नुकसान के आकलन के बाद जारी रिपोर्ट में कहा गया है, बाढ़ से कश्मीर में 1,000 करोड़ रुपए मूल्य के सेब की फसल बह गई जिससे किसानों पर जबरदस्त प्रभाव पड़ा है।

रिपोर्ट के अनुसार देशभर में ग्राहकों को भी इसका खामियाजा भुगतान पड़ सकता है। सेबी की फसल खराब होने से उपभोक्ताओं को आगामी त्योहारी सीजन और सर्दियों में सेब के लिए उंची कीमत चुकानी पड़ सकती है। बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिले, बारामुला, कुपवाड़ा और सोपोर सेब के सबसे बड़े उत्पादक जिले हैं और इन जिलों में भारी नुकसान की खबर है।

रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 2,000 करोड़ रुपए के कृषि उत्पादन में बागवानी उत्पादन का करीब 50 प्रतिशत योगदान है। जिसमें 30 लाख लोग लगे हैं। राज्य के बागवानी उत्पादन में मूल्य के हिसाब से 86 प्रतिशत योगदान सेब उत्पादन का है।

एसोचैम ने कहा, सेब कश्मीर की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है और इसका सालाना कारोबार 1,200 करोड़ रुपए है। राज्य में सेब उत्पादन सालाना करीब 16 लाख टन पर पहुंच गया है। सेब के कारोबार में करीब 30 लाख लोग प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तरीके से जुड़े हुए हैं।

एसोचैम महासचिव डीएस रावत ने कहा, कश्मीर का सेब अपने स्वाद व रस के लिए विख्यात है। लेकिन उत्तर भारत के दूसरे राज्यों में उगाए जा रहे सेब का दाम कम होने की वजह से इसने कश्मीरी सेब का बाजार कुछ हद तक खराब किया है। (भाषा)