गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold silver
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 3 अक्टूबर 2015 (16:51 IST)

चांदी में बड़ी बढ़त, सोना भी चमका

चांदी में बड़ी बढ़त, सोना भी चमका - Gold silver
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु की चमक बढ़ने और घरेलू स्तर त्योहारी मांग निकलने से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 10 महीने की सबसे बड़ी एक दिनी छलांग लगाते हुए 660 रुपए मजबूत होकर एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 26810 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। 
 
चांदी हाजिर भी करीब छह महीने की सबसे बड़ी एक दिनी बढ़त लेते हुए 1200 रुपए चमककर एक सप्ताह के उच्चतम स्तर 35800 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। 
 
लंदन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सोना हाजिर 2.1 प्रतिशत की बढ़त लेकर 1136.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अमेरिकी सोना वायदा भी दो प्रतिशत मजबूत होकर 1136.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
 
बाजार विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका में गैर-कृषि क्षेत्र के रोजगार के आंकड़े अनुमान से कमजोर आने के कारण फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ोतरी के टलने की संभावना से उत्साहित होकर दोनों कीमती धातुओं को बल मिला। 
 
अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले महीने गैर-कृषि क्षेत्र में रोजगार के कुल एक लाख 42 हजार नए अवसर सृजित हुए जबकि दो लाख से अधिक नई नौकरियों की उम्मीद की जा रही थी। यूरो के मुकाबले डॉलर के कमजोर होकर दो सप्ताह के निचले स्तर पर चले जाने से भी इन्हें समर्थन मिला।
 
लंदन से प्राप्त जानकारी के अनुसार कल चाँदी ने साल भर की सबसे बड़ी एक दिनी छलांग लगाई और 5.6 प्रतिशत चमककर 15.27 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। (वार्ता)