गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold
Written By
Last Modified: मंगलवार, 30 जून 2015 (19:38 IST)

सोना टूटा, चांदी में भी गिरावट

सोना टूटा, चांदी में भी गिरावट - Gold
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आई गिरावट के कारण मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए कमजोर होकर 26850 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया, वहीं चाँदी हाजिर 550 रुपए लुढ़ककर लगभग पौने चार महीने के निचले स्तर 36150 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।
 
सिंगापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 0.31 प्रतिशत गिरकर 1176.35 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यूरोलोन में यूनान कर्ज संकट गहराने से पिछले दो सत्रों में इसमें 0.60 प्रतिशत की बढ़त रही थी, लेकिन इस महीने इसमें एक प्रतिशत की गिरावट रही। इस बीच अमेरिकी सोना वायदा 0.25 प्रतिशत कमजोर होकर 1176 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
 
बाजार विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक बाजारों में यूरोजोन की यूनान कर्ज संकट के कारण आई शुरुआती गिरावट के बाद फिर से तेजी आने से दोनों कीमती धातुओं पर दबाव रहा। उनके अनुसार यूनान कर्ज संकट के बावजूद अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है, जिससे इन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में आई मजबूती ने भी इन्हें कमजोर किया। इस बीच सिंगापुर में चाँदी हाजिर 0.32 प्रतिशत लुढ़ककर 15.7 डाॅलर प्रति औंस पर आ गई। 
 
विदेशी बाजारों में आई गिरावट से सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए कमजोर होकर 26850 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के बाद 26700 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी पिछले सत्र के स्तर 23300 रुपए पर स्थिर रही।
 
चाँदी हाजिर 550 रुपए लुढ़ककर 36150 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई जो 12 मार्च के बाद इसका निम्नतम स्तर है। चाँदी वायदा भी 670 रुपए गिरकर 35710 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। वहीं सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 54000 रुपए और 55000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
 
कारोबारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की गिरावट का असर दोनों कीमती धातुओं पर हुआ है। उन्होंने कहा कि आगे भी दोनों कीमती धातुओं के दाम विदेशी बाजारों और स्थानीय माँग पर निर्भर करेंगे। (वार्ता)