गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2014 (17:30 IST)

सोना टूटा, चांदी में भी भारी गिरावट

सोना टूटा, चांदी में भी भारी गिरावट - Gold
नई दिल्ली। डॉलर की मजबूती का असर शुक्रवार को यहां सर्राफा बाजार में देखा गया। मांग घटने से सोना 600 रुपए टूटकर 26500 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि चांदी 1700 रुपए गिरकर 36150 रुपए किलो पर आ गई।
 
डॉलर की मजबूती से वैश्विक बाजार में सोना गिरावट में रहा। विश्व बाजार में इसके दाम वर्ष 2010 के बाद सबसे निम्न स्तर पर पहुंच गए। इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजधानी में आज भाव 600 रुपए टूटकर 26500 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया।
 
इसके अलावा आभूषण विक्रेताओं और फुटकर विक्रेताओं की त्योहारी मांग घटने तथा शेयर बाजार में भारी उछाल के कारण धन का प्रवाह शेयर बाजार की ओर होने से बहुमूल्य धातुओं में गिरावट आई। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के कमजोर उठाव से चांदी भी 1700 रुपए की गिरावट के साथ 36150 रुपए प्रति किलो रह गई।
 
बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार दर्शाते आंकड़े और डॉलर की मजबूती ने बहुमूल्य धातुओं की मांग को प्रभावित किया जिसके कारण वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख से मुख्यत: सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ गया। सूत्रों ने कहा कि त्योहारी मांग समाप्त होने पर कारोबारी धारणा कमजोर रही।
 
घरेलू बाजार का रुख निर्धारित करने वाले सिंगापुर में सोने के भाव 2.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1167.49 डॉलर प्रति औंस रह गए, जो जुलाई 2010 के बाद का न्यूनतम स्तर है। दूसरी तरफ चांदी का भाव भी तीन प्रतिशत घटकर 16.00 डॉलर प्रति औंस रह गया जो फरवरी 2010 के बाद का निम्नतम स्तर है।
 
शेयर बाजार में जारी तेजी से निवेशकों का रख इसकी तरफ बढ़ा है। इससे भी कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता के भाव 600-600 रुपए घटकर क्रमश: 26,500 और 26,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए। कल इसमें 400 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्नी भी 200 रुपए टूटकर 23,900 रुपए प्रति 8 ग्राम रह गई।
 
इसी तरह चांदी तैयार के भाव 1,700 रुपए गिरकर 36,150 रुपए प्रति किलो और साप्ताहिक डिलीवरी चांदी 1980 रुपए की गिरावट के साथ 35,580 रुपए प्रतिकिलो पर आ गई। चांदी सिक्का 4000 रुपए लुढ़ककर लिवाल 61,000 रुपए और बिकवाल 62,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर बंद हुए। (भाषा)