शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Ambani family
Written By
Last Modified: वॉशिंगटन , गुरुवार, 8 अक्टूबर 2015 (17:30 IST)

अंबानी परिवार है एशिया का तीसरा सर्वाधिक धनी

अंबानी परिवार है एशिया का तीसरा सर्वाधिक धनी - Ambani family
वॉशिंगटन। पेट्रोलियम एवं दूरसंचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाले 21.5 अरब डॉलर की संयुक्त संपत्ति वाला अंबानी परिवार एशिया के 50 सबसे धनी परिवारों की सूची में तीसरे पायदान पर हैं और इसमें भारत के कुल 14 खरबपति परिवारों ने जगह बनाई है।
 
अमेरिकी कारोबारी पत्रिका 'फोर्ब्स' ने कहा कि अंबानी परिवार की संयुक्त संपत्ति में अरबपति भाइयों मुकेश अंबानी एवं अनिल अंबानी दोनों की संपत्ति शामिल है। दोनों भाइयों ने वर्ष 2002 में पिता धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद अलग-अलग कारोबार शुरू किया था। 
 
उसने कहा कि मुकेश अंबानी का बेटा आकाश और बेटी ईशा समूह की दूरसंचार इकाई रिलायंस जियो इंफोकॉम एवं खुदरा कारोबार इकाई रिलायंस रिटेल के निदेशक मंडल में शामिल हैं, वहीं अनिल अंबानी का बेटा जय अनमोल भी रिलायंस कैपिटल में सक्रिय है।
 
'फोर्ब्स' की गुरुवार को जारी सूची के अनुसार शीर्ष 10 धनी परिवारों में भारत के 4 अरबपति परिवारों को जगह मिली है। सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी के अजीम प्रेमजी परिवार 17 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 7वें, हिन्दुजा परिवार 15 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 9वें और मिस्त्री परिवार 14.9 अरब डॉलर के साथ 10वें स्थान पर है।
 
पत्रिका ने कहा कि सैमसंग समूह का कारोबार चलाने वाले दक्षिण कोरियाई ली परिवार 26.6 अरब डॉलर की सपंत्ति के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं जबकि हैंडरसन लैंड डेवलपमेंट कंपनी के हांगकांग का ली परिवार 24.1 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर है।
 
सूची में शामिल लगभग आधे परिवार चीनी मूल के हैं, लेकिन इनमें से कोई भी चीन में नहीं रहता है। (वार्ता)