गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आईपीएल 2017
  4. Sam Billings, Corey Anderson, IPL 10
Written By
Last Updated : रविवार, 16 अप्रैल 2017 (00:20 IST)

बिलिंग्स और एंडरसन के धमाल से दिल्ली ने पंजाब को पीटा

बिलिंग्स और एंडरसन के धमाल से दिल्ली ने पंजाब को पीटा - Sam Billings, Corey Anderson, IPL 10
नई दिल्‍ली। सैम बिलिंग्स (55) के शानदार अर्धशतक और कोरी एंडरसन (नाबाद 39 और 23 रन पर एक विकेट) के बेहतरीन हरफनमौला खेल से दिल्ली डेयरडेविल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को शनिवार को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में 51 रन से पीटकर आईपीएल 10 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
            
दिल्ली ने बिलिंग्स (55) के अर्धशतक और एंडरसन की नाबाद तूफानी 39 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर बनाया। पंजाब की टीम बड़े लक्ष्य के दबाव में अपने शीर्ष क्रम के लड़खड़ाहट के बाद नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। 
          
दिल्ली की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है, जबकि पंजाब को इतने ही मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली ने इस जीत के साथ पंजाब के खिलाफ आईपीएल इतिहास में अपना रिकॉर्ड नौ जीत और 10 हार का कर लिया है। 
 
लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को अपने पहले दो ओवरों में दो विकेट लेकर ऐसे करारे झटके दिए जिससे पंजाब फिर वापसी नहीं कर सका। नदीम ने मनन वोहरा (तीन) को पगबाधा किया और फिर रिद्धिमान साहा (सात) को कप्तान जहीर खान के हाथों कैच करा दिया। 
           
हाशिम अमला 12 गेंदों में चार चौकों की मदद से 19 रन बनाकर क्रिस मोरिस का शिकार बन गए। अमला का विकेट 31 के स्कोर पर गिरा। पैट कमिंस ने इयोन मोर्गन (22) को और लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने पंजाब के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल (शून्य) को आउट कर पंजाब का स्कोर 10.3 ओवर में पांच विकेट पर 65 रन कर दिया। मिश्रा ने इस तरह मैक्सवेल को पांच पारियों में चौथी बार अपना शिकार बनाया। 
          
पंजाब के लिए इस नाजुक हालत से अब वापसी करना मुश्किल हो गया था। डेविड मिलर ने 28 गेंदों में 24 रन और अक्षर पटेल ने 29 गेंदों में एक चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बनाकर अपनी टीम की हार का अंतर ही कम किया। पंजाब की टीम नौ विकेट पर 137 रन तक ही पहुंच सकी। क्रिस मोरिस ने अंतिम ओवर में केसी करियप्पा और पटेल को आउट किया।
            
मोरिस ने चार ओवर में 23 रन पर तीन विकेट, नदीम ने दो ओवर में 13 रन पर दो विकेट और पैट कमिंस ने चार ओवर में 23 रन पर दो विकेट लिए जबकि अमित मिश्रा को 16 रन पर एक विकेट और एंडरसन को 23 रन पर एक विकेट मिला। 
 
इससे पहले सैम बिलिंग्स (55) के शानदार अर्धशतक और कोरी एंडरसन के नाबाद तूफानी 39 रन की बदौलत दिल्ली ने छह विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर बनाया। बिलिंग्स ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा अर्धशतक जमाते हुए 40 गेंदों पर 55 रन में नौ चौके लगाए। एंडरसन ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए  मात्र 22 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के उड़ाकर नाबाद 39 रन ठोके।  
                
ओपनर संजू सैमसन ने 18 गेंदों में 19 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया। श्रेयस अय्यर ने 17 गेंदों पर 22 रन में तीन चौके मारे। रिषभ पंत ने नौ गेंदों में 15 रन में तीन चौके लगाए। क्रिस मोरिस ने आठ गेंदों में 16 रन में एक चौका और एक छक्का मारा। पैट कमिंस ने नाबाद 12 रन में दो चौके लगाए।
               
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के बल्लेबाजों ने कोटला मैदान में लगभग 40 हजार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिल्ली ने छह ओवर में पावरप्ले में 49 रन और 10 ओवर तक 83 रन बनाए थे लेकिन दिल्ली ने अंतिम 10 ओवर में 105 रन ठोक डाले जिनमें से 68 रन तो आखिरी पांच ओवरों में बने।
                       
एंडरसन ने 19 वें ओवर में लेफ्ट आर्म स्पिनर की गेंदों पर लगातार दो छक्के मारे जबकि कमिंस ने 20 वें ओवर में संदीप शर्मा पर लगातार दो चौके जड़े। एंडरसन ने इस ओवर का समापन चौका और छक्का जड़कर किया। आखिरी ओवर में कुल 19 रन पड़े और दिल्ली का स्कोर 188 पहुंच गया। 
 
सैमसन और बिलिंग्स ने पहले विकेट के लिए  6.5 ओवर में 53 रन जोड़कर दिल्ली को अच्छी शुरुआत दी। बिलिंग्स ने मोहित के दूसरे ओवर में दो चौके, वरुण आरोन के पारी के पांचवें ओवर में लगातार तीन चौके जड़कर दिल्ली की पारी को गति दी। लेग स्पिनर केसी करियप्पा ने सैमसन को आउट कर दिल्ली को पहला झटका दिया। 
 
करुण नायर खाता खोल बिना आरोन की गेंद पर विकेटकीपर रिद्धिमान साहा को कैच दे बैठे। चिकन पॉक्स के कारण दो मैच बाहर रहे श्रेयस अय्यर ने वापसी करते हुए 22 रन बनाए और मोहित शर्मा का शिकार बने।
                                              
बिलिंग्स अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद टीम के 103 के स्कोर पर आउट हुए। रिषभ पंत का विकेट 120 के स्कोर पर गिरा। रिषभ को भी आरोन ने आउट किया। मोरिस 18 वें ओवर में 151 के स्कोर पर पैवेलियन लौट गए लेकिन एंडरसन और कमिंस ने कुछ जोरदार शाट लगाते हुए दिल्ली को 188 तक पहुंचा दिया।
                                               
वरुण आरोन ने 45 रन पर दो विकेट, पटेल ने 33 रन पर एक विकेट, करियप्पा ने 23 रन पर एक विकेट, मोहित ने 37 पर एक विकेट और संदीप ने 41 रन पर एक विकेट लिए। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
हार पर भड़के मैक्सवेल, खिलाड़ियों को दी यह चेतावनी...