शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आईपीएल 2017
  4. IPL 10, IPL Tournament, Mumbai Indians
Written By
Last Modified: बुधवार, 5 अप्रैल 2017 (15:56 IST)

सकारात्मक शुरुआत के लिए आपस में भिड़ेंगे मुंबई और पुणे

सकारात्मक शुरुआत के लिए आपस में भिड़ेंगे मुंबई और पुणे - IPL 10, IPL Tournament, Mumbai Indians
पुणे। कई धुरंधर खिलाड़ियों से सजी राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट्स की टीम पिछले साल के लचर  प्रदर्शन को भुलाकर इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें सत्र के अपने पहले मैच में गुरुवार को यहां  शुरू में लड़खड़ाने के लिए मशहूर मुंबई इंडियंस के खिलाफ सकारात्मक परिणाम हासिल करने के लिए मैदान पर उतरेगी।
 
मुंबई के लिए शुरू में जीत की लय हासिल करना आसान नहीं रहा है और रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इस बार यह मिथक तोड़ने की कोशिश करेगी लेकिन पुणे के सामने उसके लिए अनुकूल शुरुआत करना मुश्किल होगा जिसके पास कप्तान स्टीवन स्मिथ सहित कई स्टार खिलाड़ी हैं। 
 
पुणे सुपरजॉइंट्स ने पिछली बार मुंबई को उसके घरेलू मैदान पर पहले मैच में 9 विकेट से  हराकर शानदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद वह चोटिल खिलाड़ियों से जूझती रही और 8  टीमों के बीच 7वें स्थान पर रही थी। 
 
मुंबई ने लीग चरण में बाद में लय पकड़ी लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और आखिर में उसे  5वें स्थान से संतोष करना पड़ा था। इस बार पुणे सुपरजॉइंट्स अपने घरेलू मैदान पर शुरुआत  करेगा, जहां पिछली बार उसने 4 मैच खेले हैं और इन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा  था। स्मिथ और उनके साथी खिलाड़ी सुनिश्चित करना चाहेंगे कि इस बार टीम ऐसी कोई गलती  नहीं करे जिससे घरेलू दर्शकों को निराश होना पड़े।
 
सुपरजॉइंट्स की टीम काफी संतुलित दिख रही है। उसके पास स्मिथ, फॉफ डुप्लेसिस और  अजिंक्य रहाणे के रूप में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे 3 जबर्दस्त बल्लेबाज हैं। महेंद्र सिंह धोनी के रूप में उसके पास दुनिया का सर्वश्रेष्ठ फिनिशर है, जो कप्तानी से मुक्त होने के बाद स्वच्छंद होकर मैदान पर उतरेंगे। पुणे ने सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक बेन स्टोक्स को अपनी  टीम से जोड़ा है। 
 
इस साल नीलामी में सबसे मोटी रकम में खरीदे गए इंग्लैंड के इस खिलाड़ी पर सभी की  निगाहें टिकी रहेंगी। अशोक डिंडा, डेनियल क्रिस्टियन और शार्दुल ठाकुर पुणे के तेज गेंदबाजी विभाग को संभालेंगे। स्मिथ अनुभवी ऑलराउंडर रजत भाटिया का कैसे उपयोग करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। अगर मुंबई की बात करें तो पिछले 3 सत्रों में उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 
 
आईपीएल 2016 में तो उसे अपने पहले 5 मैचों में हार झेलनी पड़ी थी। इससे पहले 2015 में  उसने शुरुआती 5 में से 4 मैच गंवाए थे लेकिन बाद में अच्छा प्रदर्शन करने के कारण वह  चैंपियन बना था लेकिन हर बार ऐसा होगा, यह जरूरी नहीं है और रोहित शर्मा इसे अच्छी तरह से समझते होंगे। मुंबई का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत नजर आता है लेकिन बल्लेबाजी में उसके खिलाड़ियों की मैच अभ्यास की कमी और खराब फॉर्म टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। 
 
कप्तान रोहित शर्मा चोट से उबरने के बाद खेलने के लिए तैयार हैं लेकिन पिछले 6 महीनों में  उन्होंने केवल 2 प्रतिस्पर्धी मैच खेले हैं। रोहित के साथ पार्थिव पटेल या लैंडल सिमंस पारी की  शुरुआत कर सकते हैं जबकि मध्यक्रम की जिम्मेदारी अंबाती रायुडु और जोस बटलर पर रहेगी। 
 
कीरोन पोलार्ड अब भी टीम के अहम खिलाड़ी हैं लेकिन यह कैरेबियाई ऑलराउंडर पिछले कुछ  समय से खराब फॉर्म से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में पंड्या बंधुओं कृणाल और हार्दिक की  जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। 
 
लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी में मुंबई के पास डेथ ओवरों का सबसे अच्छा आक्रमण है। उनका साथ देने के लिए मिशेल जॉनसन भी टीम में हैं जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी हरभजन सिंह जैसे अनुभवी ऑफ स्पिनर के कंधों पर रहेगी। 
 
मैच रात 8 बजे से शुरू होगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
टी20 में सफलता के लिए स्पिनरों का हुनरमंद होना जरूरी : अमित मिश्रा