शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आईपीएल 2015
  4. IPL 8 : 'सुपर ओवर' में किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान को हराया
Written By
Last Updated :अहमदाबाद , बुधवार, 22 अप्रैल 2015 (00:37 IST)

IPL 8 : 'सुपर ओवर' में किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान को हराया

IPL 8 :  'सुपर ओवर' में किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान को हराया - IPL 8 :  'सुपर ओवर' में किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान को हराया
अहमदाबाद। अहमदाबाद। किंग्स इलेवन पंजाब ने रोमांच की पराकाष्ठा पर पहुंचे आईपीएल मैच में मंगलवार को यहां मुकाबला टाई रहने के बाद राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में 9 रन से हरा दिया, जो उसकी मौजूदा टूर्नामेंट में पहली हार है।

रॉयल्स ने अजिंक्य रहाणे (74) और कप्तान शेन वॉटसन (45) की उम्दा पारियों की मदद से छह विकेट पर 191 रन बनाए, जिसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने भी शान मार्श (65) और डेविल मिलर (54) के अर्धशतकों की मदद से यही स्कोर खड़ा किया। सुपर ओवर में पंजाब ने रॉयल्स को 16 रन का लक्ष्य दिया लेकिन टीम ने पहली तीन गेंदों पर ही छह रन पर अपने दोनों विकेट गंवा दिए। 
'सुपर ओवर' में पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। मार्श और मिलर की जोड़ी एक बार फिर मैदान पर थी जबकि गेंद क्रिस मॉरिस के हाथ में थी। मॉरिस ने पहली ही गेंद फुलटॉस फेंकी और मिलर चूककर पगबाधा आउट हो गए। ग्लेन मैक्सवेल ने दूसरी गेंद पर एक रन लिया। मार्श ने इसके बाद लगातार तीन चौके मारे जिसमें नोबॉल पर चौका भी शामिल रहा। अगली गेंद खाली गई जबकि अंतिम गेंद पर एक रन बना, जिससे रॉयल्‍स को 16 रन का लक्ष्य मिला।
 








 
 
रॉयल्‍स की टीम तीसरी बार टाई मैच का हिस्सा बनी और पिछली दो बार जीतने के बाद इस बार उसे हार झेलनी पड़ी। रॉयल्‍स की छह मैचों में यह पहली हार है और वह अब भी 10 अंक के साथ शीर्ष पर है। 
 
पंजाब की टीम के पांच मैचों में चार अंक हैं। पंजाब की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही वीरेंद्र सहवाग (1) का विकेट गंवा दिया जो जार्ज बैली की जगह टीम की कमान संभाल रहे थे। वे स्मिथ के स्टीक निशाने का शिकार बने।
सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (21) ने स्टुअर्ट बिन्नी पर छक्का जड़ा लेकिन वे उस समय भाग्यशाली रहे जब प्रवीण तांबे की गेंद पर करुण नायर ने उनका कैच टपका दिया। विजय ने इसके बाद मॉरिस पर भी छक्का जड़ा लेकिन वे रन आउट होकर पैवेलियन लौटे। टूर्नामेंट में पहला मैच खेल रहे मार्श ने इस बीच कुछ आकर्षक शॉट खेले। बिन्नी और तांबे पर चौके जड़ने के बाद उन्होंने राहुल तेवतिया पर भी दो चौके मारे।
 
मैक्सवेल (1) हालांकि एक बार फिर नाकाम रहे और लेग स्पिनर तेवतिया की गेंद पर डीप मिडविकेट पर स्मिथ को कैच दे बैठे जिससे पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 59 रन हो गया। मार्श ने तेवतिया पर दो छक्कों के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। मिलर ने वॉटसन पर छक्के के साथ 13वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।
 
मार्श हालांकि तांबे पर छक्का जड़ने की कोशिश में लांग ऑन पर रहाणे को कैच दे बैठे जिससे मिलर के साथ उनकी 58 रन तूफानी साझेदारी का अंत हुआ। मार्श ने 40 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के मारे।
 
पंजाब को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 72 रन की दरकार थी। मिलर ने फाकनर पर लगातार दो छक्कों के साथ रन गति बढ़ाई। रिद्धिमान साहा (8 गेंद में 19 रन) ने भी मॉरिस पर तीन चौके जड़े लेकिन इस तेज गेंदबाज की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हो गए। मिलर ने हुड्डा पर दो छक्कों के साथ 29 गेंद में 50 रन पूरे किए लेकिन अगली गेंद पर बिन्नी को कैच दे बैठे। उन्होंने 30 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और पांच छक्के मारे। 

इससे पूर्व राजस्थान के अजिंक्य रहाणे ने 54 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 74 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान शेन वॉटसन (45) के साथ पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़कर टीम के मजबूत स्कोर की नींव रखी। उन्होंने दीपक हुड्डा (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 3.3 ओवर में 41 रन भी जोड़े।
 
 
पंजाब की ओर से अक्षर पटेल ने 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि संदीप शर्मा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट चटकाया।
 
रहाणे और कप्तान वॉटसन की जोड़ी ने एक बार फिर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। पर्पल कैप धारक रहाणे शुरू से ही लय में नजर आए। उन्होंने संदीप शर्मा पर चौका जड़ने के बाद मिशेल जॉनसन के लगातार दो ओवरों में दो-दो चौके मारे। वॉटसन ने भी अनुरीत सिंह पर चौका जड़ा।
 
रॉयल्स ने पावर प्ले के छह ओवर में 43 रन जुटाए। वॉटसन ने इसके बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने ऑफ स्पिनर शिवम शर्मा की लगातार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का मारा जबकि अक्षर पटेल पर भी लां
ग ऑफ पर छक्का जड़ा।
 
अक्षर ने वॉटसन को रिद्धिमान साहा के हाथों स्टंप कराकर रॉयल्स को पहला झटका दिया। वॉटसन ने 35 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे। रहाणे ने ग्लेन मैक्सवेल पर एक रन के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया जबकि इसी ओवर में दीपक हुड्डा (19) ने दो छक्के जड़कर अपने तेवर दिखाए।
 
रहाणे ने अगले ओवर में अनुरीत पर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़कर 40 गेंद में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया। रहाणे ने शिवम पर भी छक्का मारा लेकिन इस ऑफ स्पिनर ने हुड्डा को बोल्ड कर दिया। हुड्डा ने नौ गेंद में एक चौका और दो छक्के मारे। स्टीवन स्मिथ (0) भी अक्षर की गेंद को मैक्सवेल के हाथों में खेलकर पैवेलियन लौटे।
 
करुण नायर (13 गेंद में 25 रन) ने आते ही अक्षर पर चौका जड़ा जबकि शिवम की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। रहाणे ने भी जॉनसन पर चौका जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज की अगली गेंद पर विकेटकीपर साहा को कैच दे बैठे। उन्होंने 54 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के मारे।
 
जेम्स फाकनर (1) ने संदीप की गेंद पर बाउंड्री पर मैक्सवेल को कैच दिया। करुण ने इसी ओवर में स्क्वेयर लेग पर छक्का जड़ा लेकिन वे अंतिम ओवर में अनुरीत की गेंद को हवा में लहराकर अक्षर को कैच दे बैठे।
 
स्टुअर्ट बिन्नी (चार गेंद में नाबाद 12) ने पारी की अंतिम दो गेंद पर चौका और छक्का मारा। संजू सैमसन दो गेंद में पांच रन बनाकर नाबाद रहे। शिवम काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने तीन ओवर में 44 रन देकर एक विकेट हासिल किया। (भाषा)